Close

सूचना भवन, सरायकेला–खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक – 22 जनवरी 2026.

Publish Date : 27/01/2026

उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक संपन्न…

अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण, सघन निरीक्षण एवं कठोर कार्रवाई हेतु स्पष्ट निर्देश…

आज उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश लूणायत, अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, जिला खनन पदाधिकारी श्री ज्योति शंकर सतपथी, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सहित अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित/जुड़े।

बैठक के प्रारंभ में जिला खनन पदाधिकारी द्वारा माह दिसंबर 2025 एवं जनवरी 2026 के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध खनन एवं अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध संचालित विशेष अभियानों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। प्रतिवेदन के अनुसार इन अभियानों के दौरान लौह अयस्क लदा 01 ट्रेलर एवं बालू खनिज लदे 02 हाईवा जब्त किए गए। साथ ही सहरबेड़ा नदी घाट से 10 डोंगी नावों को विनष्ट किया गया। इस क्रम में अवैध उत्खनन/परिवहन से संबंधित 02 प्राथमिकी दर्ज की गईं तथा लगभग 8,000 घनफीट पत्थर खनिज जब्त किया गया। इस अवधि में कुल 06 वाहनों से ₹1,50,000/- (एक लाख पचास हजार रुपये) की दंड राशि वसूल की गई।

बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि जिलांतर्गत विभिन्न GR स्थलों पर जब्त किए गए लगभग 12 लाख घनफीट अवैध बालू खनिज का ई-ऑक्शन के माध्यम से नीलामी संपन्न की गई, जिससे जिले को लगभग ₹2.30 करोड़ की राजस्व प्राप्ति हुई है। जिला खनन पदाधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि चांडिल अनुमंडल क्षेत्र (दलमा क्षेत्र) में अवैध पत्थर खनन से संबंधित प्राप्त सूचनाओं के आलोक में उपायुक्त के निर्देशानुसार खनन विभाग, प्रदूषण नियंत्रण विभाग एवं अंचलाधिकारी (चांडिल) की संयुक्त टीम द्वारा औचक छापेमारी की गई, जिसमें 01 अवैध पत्थर खदान, 06 GR स्थलों पर स्थापित अवैध क्रशर इकाइयों तथा 03 ईंट भट्टा इकाइयों के विरुद्ध संबंधित विभागों द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले में अवैध खनन, उत्खनन, भंडारण एवं खनिज परिवहन की किसी भी गतिविधि पर पूर्णतः रोक लगाने हेतु सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सतत, प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित औचक निरीक्षण अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि आवश्यकता अनुसार जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में चेक नाका स्थापना हेतु उपयुक्त स्थलों का चिन्हीकरण कर जिला मुख्यालय को प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सभी चेक नाकों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस बल को निर्देशित किया कि वे अपने निर्धारित समयावधि में पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अवैध बालू खनन, अवैध पत्थर उत्खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर सतत निगरानी रखें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि खनिज परिवहन में संलग्न सभी वाहनों की नियमानुसार सघन जांच की जाए तथा वैध दस्तावेजों, चालान एवं परमिट की गहन जांच करते हुए अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि खनिज परिवहन में संलग्न सभी वाहनों में ढुलाई सामग्री पूर्णतः ढकी एवं सुरक्षित हो, जिससे पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा एवं सार्वजनिक मार्गों पर स्वच्छता सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में उपायुक्त ने अवैध रूप से संचालित ईंट भट्टों की जांच कर प्रदूषण नियंत्रण विभाग के समन्वय से ऐसे भट्टों को बंद करने सहित कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश लूणायत ने निर्देश दिया कि अवैध खनन एवं खनिज परिवहन से संबंधित किसी भी सूचना पर संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी द्वारा संयुक्त कार्रवाई दल गठित कर त्वरित एवं गोपनीय छापेमारी की जाए। जब्त वाहनों, मशीनरी एवं संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामलों का न्यायालय में शीघ्र प्रस्तुतिकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की प्रक्रियागत देरी न हो।