Close

सूचना भवन, सरायकेला–खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 21 जनवरी, 2026.

Publish Date : 27/01/2026

अवैध शराब के विरुद्ध चांडिल क्षेत्र में चलाया गया सघन छापेमारी अभियान…

चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चिलगू के समीप हमसदा टोला, जड़ियाडीह एवं खोखडोडीह में 04 अवैध महुआ शराब भट्टियों/अड्डों पर हुई कार्रवाई, जावा महुआ विनष्ट कर चुलाई शराब जब्त…

उपायुक्त, सरायकेला–खरसावां नितीश कुमार सिंह द्वारा जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने हेतु दिए गए स्पष्ट एवं सख्त निर्देशों के आलोक में आज दिनांक 21 जनवरी, 2026 को अधीक्षक उत्पाद श्री क्षितिज मिंज के नेतृत्व में चांडिल अनुमंडल अंतर्गत विशेष प्रवर्तन अभियान संचालित किया गया।

अभियान के क्रम में चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत भाडूडीह के समीप हमसदा , जड़ियाडीह एवं खोखरोडीह ग्राम में संचालित कुल चार अवैध महुआ शराब भट्टियों (अड्डों) पर औचक छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान लगभग 1100 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही विधिसम्मत रूप से विनष्ट किया गया, जबकि भट्टियों से कुल 50 लीटर तैयार चुलाई शराब जब्त की गई। इस संबंध में संबंधित अवैध शराब अड्डा संचालकों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अभियोग दर्ज कर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस संबंध में उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि जिला प्रशासन अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिचालन के विरुद्ध शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की नीति के तहत कार्य कर रहा है तथा इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध किसी भी स्थिति में रियायत नहीं दी जाएगी। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को संवेदनशील एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में निरंतर निगरानी रखते हुए नियमित एवं औचक छापेमारी अभियान जारी रखने के निर्देश दिए, ताकि अवैध शराब के संपूर्ण नेटवर्क को प्रभावी रूप से समाप्त किया जा सके।