सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 20 नवंबर, 2026 .

Publish Date : 20/11/2026

झारखंड स्थापना दिवस समारोह-2026 के तहत नुक्कड़ नाटक एवं चलंत एलईडी जागरूकता वाहन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित किया जा रहा जनजागरूकता अभियान…

दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने एवं पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने की पहल…
======================

झारखंड स्थापना दिवस समारोह-2026 के अवसर पर उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला जनसंपर्क कार्यालय, सरायकेला-खरसावाँ द्वारा जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों एवं ग्राम पंचायतों में जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्तियों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़कर उन्हें योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना है।

इस क्रम में चलंत एलईडी जागरूकता वाहन के माध्यम से जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित वीडियो क्लिप का प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता एवं उपलब्ध लाभों की जानकारी दी जा रही है, ताकि वे अपनी आवश्यकता एवं पात्रता के अनुरूप संबंधित योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

वहीं, नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। कलाकारों द्वारा रोचक एवं संवादात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही है। इससे ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी सहज एवं प्रभावी तरीके से मिल रही है।

जिला प्रशासन का प्रयास है कि जनजागरूकता अभियान के माध्यम से जिले के सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाते हुए कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए विभिन्न माध्यमों से ग्रामीणों को जागरूक एवं प्रोत्साहित किया जा रहा है।