सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 19 नवंबर, 2026.
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिले में पोषण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल संरक्षण से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित
पोषाहार वितरण, खाद्य प्रदर्शनी, जागरूकता कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताओं के माध्यम से लाभुकों को किया गया जागरूक…
झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आज दिनांक 19 नवंबर 2026 को जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों एवं परियोजना क्षेत्रों में महिला एवं बाल विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इस क्रम में सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर FRS के माध्यम से टेक होम राशन (THR) वितरण की गतिविधि संचालित की गई। इस दौरान लाभुकों के बीच पोषाहार का वितरण करने के साथ THR एवं गर्म पका भोजन के महत्व, संतुलित आहार तथा पोषण संबंधी लाभों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही माताओं एवं अन्य लाभुकों के साथ पोषण एवं स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित गतिविधियों का जिला समाज कल्याण पदाधिकारी (DSWO) द्वारा भ्रमण कर जायजा लिया गया। वहीं, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO) एवं महिला पर्यवेक्षिकाएं (LS) भी विभिन्न केंद्रों पर उपस्थित रहीं तथा निर्धारित गतिविधियों के संचालन का पर्यवेक्षण किया।
वहीं, आदित्यपुर परियोजना अंतर्गत झारखंड स्थापना दिवस विशेष गतिविधि अभियान के तहत प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) के सचिव श्री तोसीफ मिराज उपस्थित रहे। उन्होंने सशक्त महिला, सुरक्षित मातृत्व एवं संतुलित पोषण के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही बाल विवाह मुक्त भारत अभियान एवं पॉक्सो अधिनियम (POCSO Act) के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बाल संरक्षण से संबंधित कानूनी पहलुओं से अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी एवं चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इसके अतिरिक्त सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया।
इन गतिविधियों का उद्देश्य पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, महिलाओं को सशक्त बनाने तथा बाल विवाह एवं बाल अधिकारों से संबंधित कानूनी प्रावधानों के प्रति आमजनों को जागरूक करना है।
