सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 17 नवंबर, 2026.

Publish Date : 17/11/2026

VB-G RAM G के तहत जिले में 15 से 28 नवंबर तक संचालित हो रहा विशेष ‘रोजगार सृजन अभियान’…

ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकाधिक मानव दिवस सृजन, रोजगार गारंटी कार्ड निर्माण एवं नई योजनाओं के चयन और स्वीकृति पर विशेष जोर; पंचायत स्तर पर निर्धारित तिथियों के अनुसार आयोजित होंगी विभिन्न गतिविधियां…

झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं वर्तमान राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकसित भारत–जी राम जी (VB-G RAM G) के तहत जिले में 15 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक राज्यव्यापी ‘रोजगार सृजन अभियान’ संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकाधिक मानव दिवस का सृजन करना, इच्छुक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार नई योजनाओं का चयन एवं स्वीकृति सुनिश्चित करना है।

अभियान के माध्यम से VB-G RAM G योजना के तहत उपलब्ध रोजगार एवं आजीविका के अवसरों के प्रति ग्रामीणों, इच्छुक श्रमिकों, महिलाओं, पंचायत प्रतिनिधियों एवं संबंधित कर्मियों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही रोजगार हेतु आवेदन प्राप्त करने, रोजगार गारंटी कार्ड बनाने, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक योजनाओं के चयन तथा स्वीकृत योजनाओं का क्रियान्वयन प्रारंभ करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

अभियान के तहत निर्धारित तिथिवार कार्यक्रम एवं गतिविधियां निम्नवत हैं :

1. दिनांक 15 नवंबर 2026 : जिला, प्रखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यक्रम

कार्यक्रम स्थल : सभी जिला कार्यालय, सभी प्रखंड कार्यालय एवं सभी ग्राम पंचायत भवन।

– सभी जिलों में उपायुक्त-सह-जिला कार्यक्रम समन्वयक की अध्यक्षता में अभियान के सफल संचालन हेतु बैठक आयोजित कर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
– सभी कार्यक्रम स्थलों पर अभियान का विधिवत शुभारंभ जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय सम्मानित व्यक्तियों द्वारा किया जाएगा।
– जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर कार्यरत कर्मियों एवं पदाधिकारियों के साथ संगोष्ठी आयोजित की जाएगी तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों एवं पदाधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा।
– बैनर, पोस्टर एवं अन्य प्रचार सामग्री के माध्यम से VB-G RAM G योजना के प्रावधानों एवं लाभों के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा। इसमें 125 दिनों के रोजगार, महिलाओं की भागीदारी, समय पर मजदूरी भुगतान, दैनिक मजदूरी दर 300 रुपये तथा अनुमन्य अन्य कार्यों की जानकारी दी जाएगी।

2. दिनांक 16 से 27 नवंबर 2026 : रोजगार एवं योजनाओं से संबंधित गतिविधियां

कार्यक्रम स्थल : सभी ग्राम पंचायत भवन।

– ग्राम सभा का आयोजन कर श्रमिकों से रोजगार संबंधी आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।
– रोजगार गारंटी कार्ड के लिए आवेदन प्राप्त करने एवं लंबित रोजगार गारंटी कार्ड निर्गत करने की कार्रवाई की जाएगी।
– सभी ग्राम पंचायतों में स्वीकृत योजनाओं का कार्य प्रारंभ कराया जाएगा तथा योजना स्थल पर संबंधित मेट की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।
– ग्रामीणों से विभिन्न व्यक्तिगत एवं सामुदायिक योजनाओं के आवेदन प्राप्त कर तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की जाएगी। इसमें बिरसा हरित ग्राम योजना, आंगनबाड़ी केंद्र, सिंचाई कूप, GSB Road, नाला पुनर्जीवन, Dry Borewell Recharge Pit एवं Staggered Contour Trench जैसी योजनाओं का मांग एवं प्राथमिकता के आधार पर चयन तथा स्वीकृति शामिल है।
– योजना स्थलों पर ग्रामीणों के साथ संबंधित कर्मी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे तथा योजनाओं के महत्व एवं लाभों की जानकारी देंगे।
– मनरेगा पार्क अथवा VB-G RAM G/मनरेगा के तहत निर्मित उत्कृष्ट परिसंपत्तियों, जैसे प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, बागवानी, सिंचाई कूप एवं पशु शेड आदि का स्थल निरीक्षण कर ग्रामीणों को इनके संबंध में जानकारी दी जाएगी।

3. दिनांक 28 नवंबर 2026 : श्रमिकों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों का सम्मान

कार्यक्रम स्थल : सभी ग्राम पंचायत भवन।

– विगत वित्तीय वर्ष में योजना के अंतर्गत 100 दिनों का कार्य पूर्ण करने वाले 05 श्रमिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
– उत्कृष्ट कार्य करने वाले 05 मेट को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
– रोजगार गारंटी कार्डधारियों को VB-G RAM G से संबंधित क्विज प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर दिया जाएगा तथा प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।

राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों को भी किया जाएगा पुरस्कृत…

अभियान के तहत राज्य स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो जिलों को निम्नलिखित दो श्रेणियों में पुरस्कृत किया जाएगा—

1. अधिकतम रोजगार सृजन।
2. अधिकतम योजनाओं की स्वीकृति।

उक्त श्रेणियों में चयनित जिलों को राज्य स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के उपरांत प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रतिदिन न्यूनतम 150 मानव दिवस सृजन का प्रयास किया जाएगा। साथ ही अभियान से संबंधित सभी गतिविधियों की निरंतर निगरानी करते हुए प्रत्येक दिन की प्रगति एवं फोटोग्राफ्स पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया है।

अभियान के सफल संचालन हेतु सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा ग्रामीणों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपेक्षा की गई है।