सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 17 नवंबर, 2026.
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आज जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित होंगी स्वच्छता संबंधी गतिविधियां…
सार्वजनिक स्थलों एवं जलस्रोतों की सामूहिक सफाई, कचरे का पृथक्करण एवं उचित निस्तारण सुनिश्चित करने पर रहेगा विशेष जोर…
=======================
झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर पंचायती राज विभाग द्वारा राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में 15 नवंबर से 23 नवंबर 2026 तक झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत ग्राम पंचायत स्तर पर जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता तथा झारखंड की समृद्ध संस्कृति एवं विरासत से संबंधित विभिन्न गतिविधियां निर्धारित की गई हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत दिनांक 17 नवंबर 2026 (मंगलवार) को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में सामूहिक स्वच्छता अभियान संचालित किया जाएगा। इस दौरान पंचायत क्षेत्र के सार्वजनिक स्थलों एवं जलस्रोतों की साफ-सफाई की जाएगी। साथ ही पूजा सामग्री एवं अन्य कचरे का पृथक्करण कर उसका उचित निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इस क्रम में स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी एवं जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए स्वच्छता संकल्प भी लिया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा जिलेवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित पंचायत स्तरीय कर्मियों से निर्धारित कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई है, ताकि सामूहिक प्रयासों से स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्राम पंचायतों के निर्माण की दिशा में प्रभावी पहल की जा सके।