सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 17 नवंबर, 2026.
झारखंड स्थापना दिवस समारोह के तहत 17 से 28 नवंबर तक जिले के विद्यालयों में आयोजित होंगी विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां…
क्विज, निबंध, चित्रकला, पेंटिंग, नृत्य, गायन, नाटक एवं कहानी वाचन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को झारखंड की संस्कृति, विरासत एवं विकास से परिचित कराने की पहल…
======================
झारखंड राज्य के स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के निर्देशानुसार जिले के विद्यालयों में दिनांक 17 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक ‘झारखंड राज्य के स्थापना दिवस समारोह, विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं का उत्सव’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत 17 नवंबर से 20 नवंबर तक प्रतिदिन प्रातः 09:00 बजे से 09:30 बजे तक विद्यालयों में विशेष प्रातःकालीन प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी। इसमें झारखंड का इतिहास, गौरव गाथा, महापुरुषों, आंदोलनकारियों, राज्य की स्थापना, राज्य की 26 वर्षों की विकास यात्रा तथा समृद्ध विरासत एवं संस्कृति से विद्यार्थियों को परिचित कराया जाएगा।
विद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताएं…
विद्यालय स्तर पर कक्षा 6 से 8 एवं कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
– पेंटिंग प्रतियोगिता: 17 एवं 18 नवंबर को आयोजित होगी। इसमें राज्य के विभूतियों, महापुरुषों, पर्यावरण संरक्षण, राज्य के दर्शनीय स्थलों, पर्यटन स्थलों एवं पारंपरिक जनजातीय कला से संबंधित विषय शामिल होंगे।
– क्विज प्रतियोगिता: 18 एवं 19 नवंबर को आयोजित होगी। इसमें झारखंड के इतिहास, गौरव गाथा, महापुरुषों, आंदोलनकारियों, राज्य की स्थापना, संस्कृति एवं विकास से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।
– निबंध प्रतियोगिता: 18 से 20 नवंबर तक आयोजित होगी। इसमें झारखंड की संस्कृति, महापुरुषों एवं वीर सपूतों, पर्यावरण संरक्षण, खनिज संपदा, वनोपज, कृषि आधारित औद्योगिकीकरण, पशुपालन, मत्स्य पालन, जलवायु परिवर्तन एवं राज्य के विकास जैसे विषय शामिल होंगे।
– नृत्य, गायन, झूमर एवं कथा वाचन प्रतियोगिता: 18 से 20 नवंबर तक आयोजित होगी। इसमें स्थानीय गीत-संगीत, लोकगीत, पारंपरिक पर्व-त्योहार एवं झारखंड की लोकसंस्कृति से संबंधित प्रस्तुतियां होंगी।
प्रखंड एवं जिला स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन…
विद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं के उपरांत चयनित प्रतिभागियों के लिए प्रखंड एवं जिला स्तर पर भी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रखंड स्तर की प्रतियोगिताएं 25 नवंबर 2026 को पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक तथा जिला स्तर की प्रतियोगिताएं 27 नवंबर 2026 को पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक आयोजित होंगी।
प्रखंड स्तर की प्रतियोगिताएं प्रखंड मुख्यालय के संसाधनयुक्त विद्यालयों में तथा जिला स्तर की प्रतियोगिताएं जिला मुख्यालय के संसाधनयुक्त विद्यालयों में आयोजित की जाएंगी।
28 नवंबर को होगा पुरस्कार वितरण समारोह…
कार्यक्रम के अंतिम चरण में 28 नवंबर 2026 को जिला स्तर पर पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। इसमें CBSE, JAC एवं ICSE की वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 के टॉपर्स, 80 CM School के चयनित छात्र-छात्राओं तथा झारखंड ई-शिक्षा महोत्सव-2025 के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ श्री नितिश कुमार सिंह द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों को कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने विद्यालय स्तर से लेकर प्रखंड एवं जिला स्तर तक निर्धारित तिथिवार कार्यक्रम के अनुरूप सभी गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित करने, विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने तथा संबंधित विद्यालयों एवं पदाधिकारियों के बीच आवश्यक समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया है। साथ ही, प्रतियोगिताओं के आयोजन, प्रतिभागियों की सहभागिता एवं चयन की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को झारखंड के इतिहास, गौरवशाली विरासत, संस्कृति एवं विकास यात्रा से जोड़ने के साथ उनकी शैक्षणिक, रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।