सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 16 नवंबर, 2026.

Publish Date : 17/11/2026

18 नवंबर 2026, को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित होगा ‘एक और अवसर कैंप’; पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का मिलेगा अवसर…

सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक होगा शिविर का आयोजन; छठी एवं अंतिम BLO-BLA2 बैठक में सक्रिय सहभागिता की अपील…
=======================
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत आगामी दिनांक 18 नवंबर 2026, बुधवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर ‘एक और अवसर कैंप’ (One-More Opportunity Camp) का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने संबंधित पदाधिकारियों एवं निर्वाचन कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं सफल संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

उक्त शिविर का आयोजन पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक किया जाएगा। यह शिविर मतदाताओं एवं बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के बीच मतदान केंद्रों पर होने वाला अंतिम प्रत्यक्ष संवाद होगा। साथ ही, इसी दिन छठी एवं अंतिम BLO-BLA2 बैठक भी आयोजित की जाएगी।

तीन श्रेणियों के पात्र नागरिकों को मिलेगा विशेष अवसर…

‘एक और अवसर कैंप’ के माध्यम से वैसे पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने का अवसर मिलेगा, जो निम्नलिखित श्रेणियों में आते हैं—

1. ऐसे पात्र भारतीय नागरिक, जिनका नाम किसी कारणवश ASDD सूची में चिह्नित हो गया है।

2. ऐसे पात्र भारतीय नागरिक, जिन्हें दूसरी बार नोटिस मिलने के बावजूद वे उपस्थित नहीं हो सके हैं।

3. ऐसे पात्र भारतीय नागरिक, जिन्होंने 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, लेकिन अभी तक मतदाता सूची में उनका नाम पंजीकृत नहीं हुआ है।

ऐसे सभी पात्र नागरिकों से अपील की गई है कि वे 18 नवंबर को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर आयोजित शिविर में पहुंचकर BLO से संपर्क करें तथा मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें। संबंधित क्षेत्र में निवास करने वाले ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान करते हुए उनकी सूची BLO को उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया गया है।

लंबित सत्यापन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने का निर्देश…

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO), अतिरिक्त पर्यवेक्षकों एवं BLO को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में मतदाता सूची से संबंधित लंबित सत्यापन कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें यथाशीघ्र निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराएं। विशेष रूप से जिन मतदाताओं को नोटिस निर्गत किया गया है अथवा जिनके मामले किसी कारणवश लंबित हैं, उनका नियमानुसार सत्यापन एवं आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने निर्देश दिया कि शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए। मतदाता सूची में नाम शामिल करने की पात्रता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप ही नामों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि मतदाता सूची की शुद्धता एवं विश्वसनीयता बनी रहे। सभी संबंधित पदाधिकारी एवं निर्वाचन कर्मी आपसी समन्वय, नियमित अनुश्रवण एवं जिम्मेदारी के साथ लंबित कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें।

BLA-2 से सक्रिय सहभागिता एवं BLO के साथ बेहतर समन्वय की अपील…

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी BLA-2 से अपील की है कि वे 18 नवंबर को आयोजित ‘एक और अवसर कैंप’ में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए BLO के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें। पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने, नोटिस से संबंधित लंबित मामलों के निष्पादन तथा आवश्यक सत्यापन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि अपने-अपने क्षेत्र के BLA-2 से व्यक्तिगत रूप से दूरभाष पर संपर्क स्थापित कर उन्हें छठी एवं अंतिम BLO-BLA2 बैठक में शामिल होने हेतु सूचित एवं आमंत्रित करें, ताकि बैठक में उनकी सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

विद्यालयों में शैक्षणिक कार्य प्रभावित न हो, वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश…

18 नवंबर को विद्यालयों में नियमित शैक्षणिक कार्य दिवस होने के कारण जिन मतदान केंद्रों का संचालन विद्यालय भवनों में होता है, वहां शिविर एवं बैठक के आयोजन के लिए वैकल्पिक स्थान अथवा आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि विद्यालयों में पठन-पाठन एवं नियमित शैक्षणिक गतिविधियां किसी भी स्थिति में प्रभावित न हों।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने संबंधित पदाधिकारियों को शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु जिले के सभी आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर उपलब्ध कराए गए प्रचार पोस्टर का प्रसार सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है।

अंत में, उन्होंने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 18 नवंबर को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर आयोजित ‘एक और अवसर कैंप’ में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं तथा मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने की आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करें। वहीं, सभी BLA-2 से BLO के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सक्रिय सहभागिता निभाने एवं निर्वाचन कार्यों में सहयोग करने की अपील की गई है, ताकि शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके तथा मतदाता सूची की शुद्धता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके।