सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 14 नवंबर, 2026.

Publish Date : 17/11/2026

वात्सल्य बालिका गृह, छोटा गम्हरिया में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बाल दिवस…

DLSA सचिव सहित बाल कल्याण समिति रहे उपस्थित; बच्चों के बीच मिठाई एवं पठन-पाठन सामग्री का किया गया वितरण…

बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर 2026 को वात्सल्य बालिका गृह, छोटा गम्हरिया में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव श्री तौसीफ मिराज उपस्थित रहे। साथ ही बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री तारापद सरकार, सदस्य श्री सैयद हैदर एवं श्रीमती पद्मा तथा जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी श्री संतोष कुमार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इस दौरान अतिथियों ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

बच्चों के अधिकार, शिक्षा एवं संरक्षण के प्रति किया जागरूक…

DLSA सचिव श्री तौसीफ मिराज ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान एवं समान अवसर प्राप्त करना उसका अधिकार है। उन्होंने बच्चों को आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने तथा अनुशासन एवं सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया।

बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री तारापद सरकार ने बच्चों के अधिकारों के संरक्षण एवं उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई। समिति के सदस्य श्री सैयद हैदर एवं श्रीमती पद्मा ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और आगे बढ़ने के अवसर देने की बात कही। जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी श्री संतोष कुमार ने बच्चों के संरक्षण, शिक्षा एवं पुनर्वास के लिए संबंधित संस्थाओं के समन्वित प्रयासों को आवश्यक बताया।

बच्चों के बीच मिठाई एवं पठन-पाठन सामग्री वितरित…

इस अवसर पर अतिथियों द्वारा बालिका गृह में आवासित बच्चों के बीच मिठाई एवं पठन-पाठन सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में गृह की अधीक्षिका सुश्री यशोदा मुर्मू एवं सभी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में अधीक्षिका द्वारा उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के सुरक्षित बचपन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर देखभाल एवं सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।