सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक – 14 नवंबर 2026.

Publish Date : 17/11/2026

छठ महापर्व के अवसर पर उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां श्री नितिश कुमार सिंह ने जिलेवासियों को दी शुभकामनाएँ, सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण में पर्व मनाने की अपील…

सरायकेला-खरसावाँ। लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर जिला दण्डाधिकारी -सह- उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां श्री नितिश कुमार सिंह ने जिले के समस्त व्रतियों, श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने भगवान सूर्य एवं छठी मैया से सभी के सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की है।

उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की है कि छठ महापर्व के दौरान घाटों पर स्वच्छता बनाए रखें तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुपालन करें। श्रद्धालु गहरे पानी में जाने से बचें तथा बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। घाटों पर प्रशासन द्वारा की गई सुरक्षा व्यवस्था एवं जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

उन्होंने संबंधित आयोजकों एवं श्रद्धालुओं से छठ घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने, जलाशयों में कचरा एवं पूजन सामग्री नहीं डालने तथा किसी भी प्रकार की असुविधा अथवा आपात स्थिति में प्रशासन एवं संबंधित कर्मियों को सूचित करने की अपील की है।

उपायुक्त ने सभी जिलेवासियों से आपसी सहयोग एवं सतर्कता के साथ छठ महापर्व को स्वच्छ, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने का आग्रह किया है।