सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 14 नवंबर, 2026.
मॉडल स्कूल, सरायकेला में बाल दिवस पर बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित…
DLSA सचिव श्री तैसीफ़ मिराज की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को किया गया जागरूक; बाल विवाह से स्वयं को बचाने वाली बेबी महतो को किया गया सम्मानित…
=======================
बाल दिवस के अवसर पर आज मॉडल स्कूल, सरायकेला में बाल विवाह की रोकथाम एवं बाल विवाह मुक्त झारखंड के संकल्प को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) के सचिव श्री तैसीफ़ मिराज ने की। इस दौरान विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बच्चों के अधिकारों तथा बाल विवाह की रोकथाम में समाज की सामूहिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह होने से स्वयं को बचाने वाली बेबी महतो को उनके साहस एवं जागरूकता के लिए सम्मानित किया गया।
बाल विवाह मुक्त झारखंड के उद्देश्य से जिले में विभिन्न माध्यमों से संचालित की जा रही हैं जागरूकता गतिविधियां…
जिले में बाल विवाह मुक्त झारखंड के लक्ष्य को प्राप्त करने के उद्देश्य से विभिन्न स्तरों पर जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। विद्यालयों एवं आमजनों के बीच बाल विवाह के दुष्परिणामों, बच्चों की शिक्षा एवं सुरक्षित बचपन के अधिकार तथा बाल विवाह की रोकथाम में समाज की भूमिका को लेकर जागरूकता संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत लोगों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को रोकने तथा बच्चों को शिक्षा एवं बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
बाल विवाह रोकने के लिए कानून की जानकारी एवं जागरूकता जरूरी : DLSA सचिव…
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए DLSA सचिव श्री तैसीफ़ मिराज ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन है तथा उनके शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास को प्रभावित करता है। बाल विवाह की रोकथाम के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक एवं जिम्मेदार बनना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों को बाल विवाह से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी रखने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बच्चों के अधिकारों एवं संरक्षण के लिए सभी को सजग रहने की आवश्यकता है।
बच्चों का समय पढ़ने, सीखने और सपने संवारने का है : जिला शिक्षा पदाधिकारी…
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री कैलाश मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों की उम्र पढ़ने, सीखने, खेलकूद में भाग लेने और अपने सपनों को साकार करने की है, न कि कम उम्र में विवाह के बंधन में बंधने की। बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य के अवसरों को प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने, लक्ष्य निर्धारित करने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा एवं आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। बाल विवाह रोकना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बाल विवाह से स्वयं को बचाने वाली बेबी महतो सम्मानित…
कार्यक्रम के दौरान बेबी महतो को बाल विवाह होने से स्वयं को बचाने के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान बच्चों के अधिकारों, शिक्षा एवं सुरक्षित बचपन के प्रति जागरूकता और बाल विवाह के विरुद्ध साहसिक पहल के महत्व को रेखांकित करता है।
बाल विवाह रोकना हम सभी की जिम्मेदारी, जागरूकता एवं सामूहिक प्रयास आवश्यक…
कार्यक्रम के दौरान ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के संदेशों के माध्यम से विद्यार्थियों को बताया गया कि “नन्ही उम्र में शादी का भार छीन लेता है बचपन का अधिकार” तथा “उम्र है अभी पढ़ने की, न कि गृहस्थी गढ़ने की”। साथ ही, बाल विवाह रोकने को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए बच्चों को शिक्षा, खेलकूद एवं अपने सपनों को पूरा करने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। बाल विवाह की रोकथाम से संबंधित जागरूकता संदेशों का प्रसार करते हुए विद्यार्थियों को बाल विवाह मुक्त झारखंड के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। बाल अधिकारों एवं बच्चों की सुरक्षा से संबंधित सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी भी दी गई।