सूचना भवन, सरायकेला-खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक :- 07 नवंबर 2026.

Publish Date : 13/11/2026

*आगामी पूजा एवं त्योहारों को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग सतर्क, डोबो-कपाली के देव होटल एवं पांडेय होटल में औचक जांच; एक्सपायरी खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई*

आगामी पूजा एवं त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट, गुणवत्ता संबंधी अनियमितताओं एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जा रही है। इसी क्रम में आज खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने डोबो-कपाली स्थित देव होटल एवं पांडेय होटल का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों होटलों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था, रसोईघर की साफ-सफाई तथा फ्रीज एवं फ्रीजर की स्वच्छता की जांच की गई। जांच में दोनों प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की कमी तथा रसोईघर एवं फ्रीज-फ्रीजर की समुचित सफाई नहीं होने की स्थिति पाई गई। इसके अतिरिक्त बिना वैध लाइसेंस वाले कश्मीरी मिर्च पाउडर एवं अन्य मसाले पाए गए। वहीं, पांडेय होटल में एक्सपायरी पापड़ मिलने पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी की उपस्थिति में उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य संचालकों एवं खाद्य हैंडलरों की व्यक्तिगत स्वच्छता, मेडिकल फिटनेस रिकॉर्ड तथा प्रतिष्ठानों में उपयोग किए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता से संबंधित जल परीक्षण रिपोर्ट की भी जांच की गई। होटल संचालकों को खाद्य सामग्री के क्रय एवं भंडारण से संबंधित आवश्यक अभिलेख उपलब्ध रखने, खाद्य सुरक्षा लाइसेंस एवं पंजीकरण प्रमाणपत्र को परिसर में प्रदर्शित करने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी द्वारा संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को अविलंब दूर करने का निर्देश दिया गया। साथ ही खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री में निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि आगामी पूजा एवं त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा से संबंधित मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खाद्य प्रतिष्ठानों में नियमित एवं औचक जांच अभियान जारी रहेगा। जांच के दौरान मिलावट, एक्सपायरी खाद्य सामग्री के उपयोग अथवा बिक्री तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।