सूचना भवन, सरायकेला-खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक: 22 अक्टूबर, 2026.

Publish Date : 22/10/2026
health (2)

उपायुक्त ने की स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, सभी एमओआईसी को कार्यप्रणाली में सुधार एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के दिए निर्देश…

सभी स्वास्थ्य केंद्रों में स्टॉक एवं अभिलेखों का सत्यापन कर 15 दिनों के भीतर संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त प्रमाण-पत्र समर्पित करने का निर्देश…

टेली-कंसल्टेशन में शून्य लॉगिन वाले चिकित्सकों के वेतन निकासी पर रोक तथा बिना वैध कारण अनुपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के वेतन में कटौती के निर्देश…

टीबी, मलेरिया एवं फाइलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में सपरिवार जांच, समय पर उपचार एवं स्थानीय भाषा में जनजागरूकता अभियान संचालित करने पर जोर…

समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. पी.एम. बाडा, सभी एमओआईसी, डीपीएमयू, बीपीएमयू एवं अन्य संबंधित चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन सहित स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, दवा एवं जांच किट की उपलब्धता, स्वास्थ्य संसाधनों के उपयोग तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। विभिन्न बिंदुओं पर धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने सभी एमओआईसी को अपनी कार्यशैली में सुधार लाने, अपने दायित्वों के प्रति जवाबदेह रहने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी एवं समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

स्टॉक एवं अभिलेखों का सत्यापन कर 15 दिनों में प्रमाण-पत्र देने का निर्देश…

उपायुक्त ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध दवाओं, जांच किट एवं अन्य सामग्रियों के स्टॉक का संबंधित रजिस्टर से मिलान कर अभिलेखों को अद्यतन करने का निर्देश दिया। उन्होंने सिविल सर्जन एवं सदर अस्पताल उपाधीक्षक सहित संबंधित पदाधिकारियों को स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध स्टॉक एवं अभिलेखों की जांच तथा सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, सभी संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों के स्टॉक एवं अभिलेखों का मिलान कर संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त प्रमाण-पत्र 15 दिनों के भीतर समर्पित करने का निर्देश दिया, ताकि उपलब्ध संसाधनों एवं अभिलेखों की स्थिति स्पष्ट रहे।

चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति तथा कार्यों की नियमित निगरानी…

बायोमेट्रिक उपस्थिति की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने बिना वैध कारण अनुपस्थित पाए जाने वाले चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के वेतन में नियमानुसार कटौती करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों को निर्धारित समय पर अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहने तथा मरीजों के प्रति संवेदनशीलता एवं सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा।

सभी एमओआईसी को अपने अधीनस्थ चिकित्सकों, बीपीएम एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए क्षेत्रवार कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने तथा अपने-अपने क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

टेली-कंसल्टेशन में शून्य लॉगिन वाले चिकित्सकों के वेतन निकासी पर रोक…

टेली-कंसल्टेशन सेवाओं की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। वहीं, जिन चिकित्सकों की टेली-कंसल्टेशन सेवाओं में प्रगति धीमी पाई गई, उन्हें कार्य में सुधार लाने का निर्देश दिया गया। जिन चिकित्सकों की लॉगिन रिपोर्ट शून्य पाई गई, उनके वेतन निकासी पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को टेली-कंसल्टेशन सेवाओं की नियमित समीक्षा करते हुए दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

टीबी, मलेरिया एवं फाइलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश…

टीबी, मलेरिया, फाइलेरिया एवं अन्य प्रमुख बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने अधिक मरीजों वाले चिह्नित क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों के पूरे गांव एवं टोले में सपरिवार जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि संभावित मरीजों की समय पर पहचान कर उन्हें उचित उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को जांच के उपरांत चिह्नित मरीजों का समयबद्ध उपचार सुनिश्चित करने तथा स्थानीय भाषा में बीमारी के लक्षण, संक्रमण के प्रसार एवं बचाव के उपायों के संबंध में लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया। साथ ही, संबंधित क्षेत्रों में नियमित निगरानी एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर जोर दिया, ताकि बीमारियों के प्रसार को नियंत्रित किया जा सके।

नियमित टीकाकरण, स्तनपान एवं पोषण संबंधी गतिविधियों के प्रचार-प्रसार पर जोर…

बैठक में नियमित टीकाकरण, स्तनपान एवं पोषणयुक्त आहार के महत्व को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को इन विषयों पर नियमित रूप से चर्चा करने तथा क्षेत्र भ्रमण के दौरान आमजनों को आवश्यक जानकारी देने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों का उद्देश्य तभी सफल होगा, जब आमजन इनके महत्व को समझें और पात्र लाभुक समय पर इनका लाभ प्राप्त कर सकें। इसके लिए स्वास्थ्य केंद्रों, ग्राम पंचायतों एवं अन्य उपलब्ध माध्यमों से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

 

 

 

health (2) health (3) health (1)