सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 15 अक्टूबर, 2026.

Publish Date : 22/10/2026
jal jeeven (1)

जल जीवन मिशन की योजनाओं की उपायुक्त ने की समीक्षा, धीमी प्रगति वाली योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने एवं लापरवाह संवेदकों के विरुद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश…

लंबित कार्यों में तेजी लाने, पूर्ण योजनाओं को चालू कराने एवं प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार तक नल-जल सुविधा पहुंचाने पर जोर…

समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन अंतर्गत संचालित ग्रामीण पेयजलापूर्ति योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व की बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन तथा निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप योजनाओं को पूर्ण करने की दिशा में हुई प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान जल उपचार संयंत्र (वाटर ट्रीटमेंट प्लांट), पाइपलाइन निर्माण, बहु-ग्रामीण जलापूर्ति योजना (MVS), एकल ग्रामीण जलापूर्ति योजना (SVS), इंटरवेल निर्माण कार्य, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), हर घर जल सहित अन्य संबंधित योजनाओं की कार्य प्रगति की योजनावार समीक्षा की गई।

बैठक में कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, संबंधित सहायक अभियंता, कनीय अभियंता एवं संवेदक उपस्थित रहे। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं संवेदकों को लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

समीक्षा के क्रम में धीमी प्रगति वाली योजनाओं पर असंतोष व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं संवेदकों को कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यों में विलंब के कारणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अभियंताओं को नियमित अनुश्रवण एवं कार्यस्थलों का निरीक्षण सुनिश्चित करने तथा योजनाओं की अद्यतन प्रगति से जिला मुख्यालय को अवगत कराने को कहा।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब हो रहा है अथवा जिनमें निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य नहीं किया जा रहा है, उनसे संबंधित संवेदकों के विरुद्ध संविदा की शर्तों एवं प्रचलित नियमों के अनुरूप कार्रवाई की जाए। उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने वाले संवेदकों के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई करने तथा आवश्यकतानुसार ब्लैकलिस्ट करने की अनुशंसा संबंधित विभाग को भेजने का निर्देश दिया। साथ ही, नियमों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन योजनाओं में संरचनात्मक निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, उनमें पाइपलाइन बिछाने सहित शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। जल उपचार संयंत्र, पाइपलाइन, MVS, SVS एवं इंटरवेल निर्माण से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करते हुए योजनाओं को क्रियाशील बनाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, उन्हें यथाशीघ्र चालू कराया जाए तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत हस्तांतरण की कार्रवाई पूरी की जाए। योजनाओं का निर्माण पूर्ण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके संचालन को प्रारंभ कर ग्रामीण परिवारों को नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध कराना भी संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसियों की जिम्मेदारी है।

उपायुक्त ने जिले के सभी संबंधित ग्रामीण क्षेत्रों में छूटे हुए टोला, गांव एवं घरों को चिह्नित करते हुए उन्हें नल-जल योजना से जोड़ने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने हर घर जल योजना के अंतर्गत लंबित प्रमाणन संबंधी कार्यों एवं औपचारिकताओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा योजनाओं की वास्तविक स्थिति का सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार को कार्यशील घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से सुरक्षित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाना, लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करना, पूर्ण योजनाओं को चालू कराना तथा प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार तक नल-जल सुविधा पहुंचाना संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिया कि योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए तथा कार्य में अनावश्यक विलंब या लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

 

 

 

jal jeeven (2) jal jeeven (3) jal jeeven (1)