सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक: 10 अक्टूबर, 2026.

Publish Date : 13/10/2026

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर चांडिल प्रखंड के चौका संकुल में जागरूकता अभियान आयोजित…

झाबरी पंचायत में प्रभात फेरी, CLF स्तर पर नुक्कड़ नाटक, संवाद एवं तनाव मुक्ति अभ्यास के माध्यम से दिया गया मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश…
==========================
सरायकेला-खरसावाँ, 10 अक्टूबर। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर दिनांक 10 अक्टूबर 2026 को चांडिल प्रखंड अंतर्गत चौका संकुल में CLF स्तर पर मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत किशोर-किशोरियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने, अपनी समस्याओं पर खुलकर संवाद करने तथा आवश्यकता पड़ने पर सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करने से संबंधित गतिविधियां आयोजित की गईं।

प्रभात फेरी एवं संवाद के माध्यम से किशोर-किशोरियों को किया गया जागरूक…

अभियान के तहत झाबरी पंचायत में स्कूली किशोर-किशोरियों की सहभागिता से प्रभात फेरी निकाली गई। इस दौरान मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी साझा की गई तथा टोल-फ्री नंबर के माध्यम से सहायता प्राप्त करने के संबंध में जागरूक किया गया। किशोर-किशोरियों के साथ ‘चुप्पी तोड़ो, संवाद’ गतिविधि आयोजित कर मानसिक स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर खुलकर बातचीत करने एवं अपनी समस्याओं को साझा करने के महत्व पर जोर दिया गया।

CLF स्तर पर तीनों GCRP द्वारा नुक्कड़ नाटक, हरित रिबन गतिविधि तथा ‘सच्ची आवाज, वास्तविक बदलाव’ संवाद आयोजित किए गए। इसके साथ ही जरूरत के समय सहायता प्राप्त करने के उपलब्ध माध्यमों की मैपिंग की गई तथा सहज क्रियाओं के माध्यम से तनाव मुक्ति का अभ्यास कराया गया। इस दौरान उपस्थित प्रतिभागियों को मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता की शपथ दिलाई गई। इन गतिविधियों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, संवाद को प्रोत्साहित करने तथा जरूरत पड़ने पर सहायता लेने के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का संदेश दिया गया।