सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 10 अक्टूबर, 2026.
अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-अपर सचिव श्री सुबोध कुमार ने ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के पांच मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण…
मेगा हेल्प डेस्क कैंप एवं निर्वाचन पाठशाला की गतिविधियों का लिया जायजा, फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 के निष्पादन तथा पात्र मतदाताओं के शत-प्रतिशत पंजीकरण पर दिया जोर…
=============================
सरायकेला-खरसावाँ। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत निर्वाचन संबंधी कार्यों का स्थलीय अवलोकन करने, मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा मतदाता सूची में नाम जोड़ने एवं प्रविष्टियों में सुधार की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-अपर सचिव श्री सुबोध कुमार ने 50-ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चांडिल प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 261, 262, 310, 318 एवं 319 का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में श्री सुबोध कुमार ने संबंधित मतदान केंद्रों पर आयोजित BLO-BLA-2 की चौथी बैठक एवं मेगा हेल्प डेस्क कैंप की गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित BLO एवं BLO-2 से केंद्रों पर संचालित गतिविधियों, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, प्रविष्टियों में सुधार तथा नए पात्र मतदाताओं के पंजीकरण के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान श्री सुबोध कुमार ने निर्वाचन पाठशाला में बच्चों के साथ सहभागिता की तथा वहां संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) की प्रक्रिया, मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाताओं की भूमिका तथा निर्वाचन संबंधी जागरूकता के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। निर्वाचन पाठशाला के माध्यम से बच्चों में लोकतांत्रिक मूल्यों एवं मतदाता जागरूकता की समझ विकसित करने के प्रयासों की जानकारी भी प्राप्त की।
श्री सुबोध कुमार ने मेगा हेल्प डेस्क कैंप में मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत की जा रही समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों तथा उनके समाधान के लिए की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने शिविर में उपस्थित लोगों से संवाद कर SIR-2026 के तहत किए जा रहे कार्यों एवं उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया गया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए उन्हें उचित परामर्श एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाए। प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार संबंधित पदाधिकारियों के माध्यम से समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।
निरीक्षण के दौरान श्री सुबोध कुमार ने निर्देश दिया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी पहल की जाए। साथ ही, मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य प्रविष्टियों में सुधार अथवा संशोधन के लिए पात्र मतदाताओं को फॉर्म-8 के उपयोग के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं BLO को आपसी समन्वय स्थापित कर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने तथा किसी भी पात्र मतदाता को पंजीकरण से वंचित नहीं रहने देने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर श्री सुबोध कुमार ने आम नागरिकों से अपील की कि वे SIR-2026 की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाएं। 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र युवा मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरें तथा मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरणों में संशोधन की आवश्यकता होने पर नियमानुसार फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन करें। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अपने संबंधित मतदान केंद्रों पर आयोजित मेगा हेल्प डेस्क कैंप का लाभ उठाने तथा मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित एवं समावेशी बनाने में सहयोग करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान 50-ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, चांडिल श्री नितिन शिवम गुप्ता, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह, संबंधित क्षेत्र के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।