सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 07 अक्टूबर, 2026.

Publish Date : 08/10/2026

आगामी दुर्गापूजा के मद्देनजर अवैध शराब के विरुद्ध उत्पाद विभाग की कार्रवाई, दो अवैध चुलाई भट्टियां ध्वस्त, 1,200 किलोग्राम जावा महुआ एवं 90 लीटर महुआ चुलाई शराब बरामद…

उपायुक्त के निर्देशानुसार एवं अधीक्षक उत्पाद के नेतृत्व में चांडिल थाना क्षेत्र के जरियाडीह, चाकुलिया एवं कठजोड़ में की गई विधिवत छापेमारी…
=========================
आगामी दुर्गापूजा सहित अन्य आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर जिले में अवैध शराब के विनिर्माण, बिक्री एवं भंडारण के विरुद्ध प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ के निर्देशानुसार एवं अधीक्षक उत्पाद, सरायकेला-खरसावाँ के नेतृत्व में उत्पाद विभाग द्वारा दिनांक 07 अक्टूबर, 2026 को चांडिल थाना अंतर्गत ग्राम जरियाडीह, चाकुलिया एवं कठजोड़ में विधिवत छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान दो अवैध चुलाई भट्टियों को ध्वस्त करते हुए 1,200 किलोग्राम जावा महुआ एवं 90 लीटर महुआ चुलाई शराब बरामद की गई। बरामद अवैध उत्पादों को विधिवत जब्त करते हुए संबंधित अवैध चुलाई अड्डा संचालकों के विरुद्ध झारखण्ड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन द्वारा आगामी दुर्गापूजा एवं अन्य पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से अवैध शराब के विनिर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान को निरंतर जारी रखने का निर्देश दिया गया है। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।