सूचना भवन, सरायकेला-खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक :- 29 सितम्बर, 2026.

Publish Date : 05/10/2026
evm house (3)

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने किया ईवीएम वेयर हाउस का आंतरिक त्रैमासिक निरीक्षण, पंजीकृत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद…

ईवीएम-वीवीपैट के सुरक्षित रख-रखाव, सुरक्षा व्यवस्था एवं निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुपालन की हुई समीक्षा…
===========================
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने आज सामुदायिक भवन, सरायकेला स्थित ईवीएम वेयर हाउस का आंतरिक त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह सहित विभिन्न पंजीकृत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने ईवीएम, वीवीपैट, बीयू एवं सीयू के सुरक्षित रख-रखाव, वेयर हाउस भवन की स्थिति, सुरक्षा मानकों के अनुरूप उपलब्ध सुविधाओं, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा प्रवेश-निकास व्यवस्था समेत विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की। उन्होंने वेयर हाउस में निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित भंडारण एवं सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से ईवीएम/वीवीपैट के रख-रखाव एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल के संबंध में जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों एवं प्रोटोकॉल का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश-निकास व्यवस्था एवं आवश्यक अभिलेखों के संधारण की नियमित रूप से समीक्षा करने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया। संबंधित पदाधिकारियों को वेयर हाउस की व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करने, आवश्यक अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया।

 

 

evm house (2) evm house (3) evm house (4) evm house (1)