सूचना भवन, सरायकेला-खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक :- 26 सितम्बर, 2026.
उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक संपन्न, अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी निगरानी के निर्देश…
संवेदनशील मार्गों पर चेकपोस्ट स्थापित करने, नियमित जांच एवं संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश…
22 अगस्त से 25 सितम्बर तक अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध 12 वाहनों पर कार्रवाई, ₹13.45 लाख की राशि की वसूली…
===========================
जिला दण्डाधिकारी -सह- उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मनोज स्वर्गीयारी, अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला श्री अभिनव प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल श्री नितिन शिवम गुप्ता, जिला खनन पदाधिकारी श्री ज्योति शंकर शतपथी, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री शांकचार्य शामद समेत सभी अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी, सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में जिले में अवैध खनन, खनिज परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम तथा पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी श्री ज्योति शंकर शतपथी द्वारा दिनांक 22 अगस्त 2026 से 25 सितम्बर 2026 तक जिले में अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बताया कि उक्त अवधि में अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 12 वाहनों को पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान लगभग 3000 सीएफटी बालू खनिज की मात्रा दर्ज की गई तथा ₹13.45 लाख की राशि की वसूली की गई। साथ ही 01 प्राथमिकी/शिकायत दर्ज की गई। प्रतिवेदन में पकड़े गए वाहनों में 01 ट्रैक्टर, 06 हाइवा, 03-407 वाहन एवं 02 ईचर का उल्लेख किया गया है।
बैठक में उपायुक्त ने जिले के संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरने वाले प्रमुख मार्गों पर जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की निगरानी में चेकपोस्ट स्थापित करने का निर्देश दिया। चेकपोस्ट के माध्यम से अवैध खनन, खनिज परिवहन एवं परिचालन पर नियमित निगरानी रखने तथा संदिग्ध वाहनों की सघन जांच सुनिश्चित करने को कहा गया। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के निर्देशों का उल्लंघन न हो, इसके लिए संबंधित क्षेत्रों में सतत निगरानी, नियमित निरीक्षण एवं आवश्यक जांच करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री मनोज स्वर्गीयारी ने अवैध खनन, खनिज परिवहन एवं परिचालन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संबंधित विभागों एवं पुलिस पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने क्षेत्र में सूचना तंत्र को और अधिक सुदृढ़ करते हुए अवैध खनन एवं परिवहन से संबंधित प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने, आवश्यकतानुसार गोपनीय सूचना के आधार पर निरीक्षण एवं जांच करने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों एवं वाहनों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई करने पर बल दिया। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित निगरानी रखते हुए आपसी समन्वय एवं जवाबदेही के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में विभिन्न बिन्दुओ पर बिंदुवार चर्चा करते हुए सभी अंचलाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में अवैध खनन, खनिज परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध नियमित सघन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। साथ ही आवश्यकता के अनुसार संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त छापेमारी एवं कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। वर्षाकालीन अवधि में नदी घाटों से बालू के अवैध उठाव एवं परिवहन की संभावना को देखते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।