सूचना भवन, सरायकेला-खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक :- 21 सितम्बर 2026.
जिले में 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक “स्वच्छता ही सेवा-2026” अभियान का आयोजन…
“स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” की थीम पर जनभागीदारी से संचालित होंगी विभिन्न गतिविधियां…
==========================
सरायकेला-खरसावां जिले में दिनांक 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2026 तक “स्वच्छता ही सेवा-2026” अभियान का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता एवं सामूहिक भागीदारी को बढ़ावा देना तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ परिवेश के निर्माण में नागरिकों, संस्थानों एवं विभिन्न संगठनों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है।
अभियान के तहत स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों (Cleanliness Target Units) एवं सार्वजनिक स्थलों की पहचान कर उनकी विशेष रूप से साफ-सफाई की जाएगी। विद्यालयों एवं युवा समूहों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही युवाओं को ठोस कचरा प्रबंधन से संबंधित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करने हेतु जागरूकता एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य एवं कल्याण शिविर, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियम-2026 के संबंध में जागरूकता, घर-घर जागरूकता अभियान तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। “स्वच्छ हरित पर्व” के अंतर्गत स्थानीय पर्यावरण के अनुकूल पौधरोपण, विश्व पर्यटन दिवस (27 सितम्बर) के अवसर पर स्वच्छ पर्यटन से संबंधित गतिविधियां तथा 02 अक्टूबर, 2026 को स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर विशेष ग्राम सभा एवं काउंसिल बैठकें आयोजित करने का निर्देश दिया गया है।
इसके अतिरिक्त “स्वच्छता से समृद्धि” के तहत कबाड़ से जुड़ाव एवं कबाड़ से कला के माध्यम से पुनर्चक्रण को प्रोत्साहित किया जाएगा। नागरिकों से पुराने उपयोगी सामान, कपड़े, पुस्तकें, खिलौने एवं इलेक्ट्रॉनिक सामग्री आदि जरूरतमंदों तक पहुंचाने तथा संबंधित सामग्री के समुचित निस्तारण में सहयोग करने की अपील की गई है।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए स्थानीय निकायों, विभिन्न विभागों, पंचायती राज संस्थाओं, विद्यालयों, ग्राम पंचायत भवनों, सार्वजनिक स्थलों, गैर-सरकारी एवं सामाजिक संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों तथा अन्य संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। अभियान की गतिविधियों की दैनिक रिपोर्टिंग एवं ऑनलाइन प्रविष्टि निर्धारित पोर्टल पर किए जाने की व्यवस्था भी की गई है।
उपायुक्त सरायकेला खरसावां, श्री नितिश कुमार सिंह द्वारा समस्त जिलेवासियों से अपील की गई है कि “स्वच्छता ही सेवा-2026” अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप देते हुए अपने आसपास के क्षेत्रों की स्वच्छता, कचरे के उचित पृथक्करण एवं निस्तारण तथा स्वच्छ व्यवहार को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने में सक्रिय सहयोग करें।