Close

सूचना भवन, सरायकेला-खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक :- 21 सितम्बर 2026.

Publish Date : 25/09/2026
rojgar (3)

राजनगर प्रखंड के कुमडीह में 10 दिवसीय कौशल उन्नयन प्रशिक्षण संपन्न, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को डबल डाई सेमी-ऑटोमेटिक पेपर प्लेट मशीन प्रदान…

प्रशिक्षण से महिलाओं को पेपर प्लेट एवं दोना निर्माण का कौशल, स्वरोजगार एवं स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर होंगे सुदृढ़…

सरायकेला-खरसावां, 21 सितम्बर 2026 : झारखंड ट्राइबल डेवलपमेंट सोसाइटी (JTDS), डीपीएमयू सरायकेला-खरसावां द्वारा संचालित तथा नाबार्ड द्वारा पोषित लाइवलीहुड एंड एंटरप्राइज डेवलपमेंट प्रोग्राम (LEDP) के तहत राजनगर प्रखंड अंतर्गत ग्राम कुमडीह में आयोजित 10 दिवसीय कौशल उन्नयन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण दो चरणों में आयोजित किया गया, जिसमें प्रथम चरण 07 से 14 सितम्बर 2026 तथा द्वितीय चरण 20 से 21 सितम्बर 2026 तक संचालित हुआ।

प्रशिक्षण के प्रथम बैच में 5 स्वयं सहायता समूहों की कुल 50 महिलाओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पेपर प्लेट एवं दोना निर्माण की तकनीक, मशीन संचालन, गुणवत्ता नियंत्रण, उत्पाद पैकेजिंग तथा बाजार से जुड़ाव सहित विभिन्न पहलुओं की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को कौशल एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराते हुए आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है।

प्रशिक्षण के समापन अवसर पर JTDS, डीपीएमयू सरायकेला-खरसावां द्वारा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को डबल डाई सेमी-ऑटोमेटिक पेपर प्लेट मशीन प्रदान की गई। मशीन के साथ 12 इंच, 8 इंच एवं 6 इंच के डाई भी उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे विभिन्न आकार के पेपर प्लेट एवं दोना तैयार किए जा सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि 17 जून 2026 को इसी इकाई में नाबार्ड के सहयोग से दो पेपर प्लेट निर्माण मशीनों का विधिवत शुभारंभ किया गया था। यह परियोजना JTDS, डीपीएमयू सरायकेला-खरसावां द्वारा संचालित की जा रही है।

इस अवसर पर JTDS, सरायकेला-खरसावां के DPM श्री नीरज नयन सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण एवं मशीन उपलब्ध कराए जाने से कुमडीह की महिलाओं को स्थानीय स्तर पर पेपर प्लेट एवं दोना निर्माण के माध्यम से आय अर्जित करने का अवसर मिलेगा। इससे ग्रामीण महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आजीविका के अवसरों को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी।

इस पहल से लगभग 150 महिलाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर प्राप्त होने की संभावना है। साथ ही स्थानीय स्तर पर निर्मित उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने से “वोकल फॉर लोकल” की अवधारणा को भी बल मिलेगा।

 

 

 

 

 

 

rojgar (2) rojgar (3) rojgar (1)