Close

सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक :- 18 सितम्बर 2026.

Publish Date : 19/09/2026
dc janta darbar (2)

साप्ताहिक जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनी आम नागरिकों की समस्याएं, त्वरित निष्पादन हेतु संबंधित पदाधिकारियों को दिए निर्देश…

प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समस्याओं के समाधान एवं पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश…

समाहरणालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों, अंचलों एवं नगर निकाय क्षेत्रों से आए आम नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

जनता दरबार में मुख्य रूप से राजनगर प्रखंड अंतर्गत जुम्बनी पंचायत के राजस्व ग्राम धनुडीह के निचले टोला पोलांगल में ग्रामीण पथ की मरम्मती कराने, सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में कई दिनों से कचरा उठाव, ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव एवं फॉगिंग कार्य नहीं होने के संबंध में आवेदन प्राप्त हुए। आमजनों की सुरक्षा एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए उक्त कार्यों को पुनः प्रारंभ कराने तथा सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत मझधार पुल के ऊपर बने गड्ढे की मरम्मती कराने से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुआ।

वहीं, चांडिल प्रखंड के डोबो क्षेत्र में सरकारी गैरमजरूआ भूमि को अवरोध से मुक्त कराने तथा आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में खराब सड़कों की मरम्मती कराने से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। इसके अतिरिक्त श्रम विभाग, आपूर्ति विभाग, भूमि संबंधी मामलों समेत अन्य विभागों से संबंधित विभिन्न समस्याओं के आवेदन भी प्राप्त हुए।

उपायुक्त ने जनता दरबार में उपस्थित नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा प्राप्त आवेदनों पर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को मामलों की जांच करते हुए नियमानुसार, पारदर्शी एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों का त्वरित निष्पादन करते हुए संबंधित आवेदकों को नियमानुसार की गई कार्रवाई से अवगत कराने का निर्देश दिया गया।

 

dc janta darbar (3) dc janta darbar (2)    dc janta darbar (1)