Close

सूचना भवन, सरायकेला-खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक :- 12 सितम्बर 2026.

Publish Date : 18/09/2026
medical helth (1)

एनआर+2 सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में 165 छात्र-छात्राओं की ओरल स्क्रीनिंग, मौखिक स्वास्थ्य एवं नशा मुक्ति को लेकर किया गया जागरूक…

डेंटल हेल्थ कैंप में स्वस्थ मुख, स्वस्थ दांत एवं सही ब्रशिंग तकनीक की दी गई जानकारी; NTCP हैंडबिल का वितरण एवं नशा मुक्ति की शपथ, आत्महत्या रोकथाम माह के तहत मानसिक स्वास्थ्य पर भी हुई चर्चा…

सरायकेला। आज दिनांक 12.09.2026 को एनआर+2 सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस विद्यालय में 11वीं एवं 12वीं कक्षा के कुल 165 छात्र-छात्राओं की ओरल स्क्रीनिंग हेतु डेंटल हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को मौखिक स्वास्थ्य, दांतों की नियमित देखभाल एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।

शिविर के दौरान कुल 165 छात्र-छात्राओं की ओरल स्क्रीनिंग की गई। इस दौरान छात्र-छात्राओं को सही तरीके से ब्रश करने, मुंह एवं दांतों की नियमित साफ-सफाई रखने तथा मौखिक स्वच्छता बनाए रखने की सही तकनीक के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही मुंह एवं दांतों से संबंधित विभिन्न रोगों के लक्षण, कारण, बचाव एवं उपचार के संबंध में भी जागरूक किया गया।

छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से दांतों की जांच कराने तथा किसी भी प्रकार की दंत अथवा मौखिक समस्या होने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान “स्वस्थ मुख, स्वस्थ दांत एवं स्वस्थ जीवन” के महत्व पर विशेष रूप से जानकारी दी गई।

शिविर के दौरान खैनी, गुटखा, पान एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य एवं मौखिक रोगों के प्रति भी छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया। साथ ही, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) से संबंधित हैंडबिल का वितरण किया गया तथा छात्र-छात्राओं को नशीले पदार्थों से दूरी बनाए रखने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम के दौरान आत्महत्या रोकथाम माह के तहत मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई। छात्र-छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, आत्महत्या के संभावित कारणों, चेतावनी संकेतों एवं बचाव के उपायों के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई तथा आवश्यकता पड़ने पर समय रहते परिवार, शिक्षक अथवा स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

ओरल स्क्रीनिंग एवं जागरूकता कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला दंत चिकित्सक डॉ. कामिनी लता, जिला दंत स्वास्थ्य विज्ञानी राजू कुमार पासवान, परामर्शदाता अशोक यादव एवं काउंसलर राधिका कुमारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन एवं स्वास्थ्य टीम द्वारा छात्र-छात्राओं से नियमित रूप से मौखिक स्वच्छता अपनाने, अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से सदैव दूर रहने की अपील की गई।.

 

 

medical helth (2) medical helth (3) medical helth (4) medical helth (1)