सूचना भवन, सरायकेला-खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक :- 12 सितम्बर 2026.
उप विकास आयुक्त ने चांडिल प्रखंड क्षेत्र का किया स्थल निरीक्षण…
स्वास्थ्य उपकेंद्र, मार्केट कॉम्प्लेक्स एवं बस स्टैंड निर्माण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा; निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं के त्वरित निराकरण एवं निर्धारित समय-सीमा में कार्य प्रारंभ करने का निर्देश…
=========================
सरायकेला-खरसावां। उप विकास आयुक्त, सरायकेला-खरसावां श्रीमती रीना हांसदा द्वारा आज दिनांक 12.09.2026 को चांडिल प्रखंड क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न विकास एवं निर्माण योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य उपकेंद्र, मार्केट कॉम्प्लेक्स एवं बस स्टैंड निर्माण से संबंधित योजनाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
भ्रमण के क्रम में चांडिल (कदमडीह) में स्वास्थ्य विभाग मद अंतर्गत स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण हेतु चिन्हित सरकारी भूमि का निरीक्षण किया गया। निर्माण कार्य प्रारंभ होने के उपरांत कुछ व्यक्तियों द्वारा उक्त भूमि को श्मशान घाट बताते हुए कार्य में बाधा उत्पन्न किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई। स्थल एवं भूमि के सत्यापन के क्रम में संबंधित अंचल पदाधिकारियों द्वारा स्पष्ट किया गया कि उक्त भूमि सरकारी भूमि है तथा उक्त स्थल पर श्मशान घाट नहीं है।
उक्त के आलोक में उप विकास आयुक्त द्वारा संबंधित अंचल पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि संवेदक के माध्यम से उक्त भूमि पर एक सप्ताह के अंदर स्वास्थ्य उपकेंद्र का निर्माण कार्य पुनः प्रारंभ कराना सुनिश्चित करें। साथ ही, किसी भी व्यक्ति द्वारा निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न किए जाने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार धारा-107 के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए निर्माण कार्य निर्बाध रूप से जारी रखने का निर्देश दिया गया।
इसी क्रम में चांडिल प्रखंड अंतर्गत सिदडीह क्षेत्र में स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण हेतु चिन्हित सरकारी भूमि का भी स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा उक्त भूमि के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। संबंधित अभिलेखों के सत्यापन के क्रम में भी उक्त भूमि सरकारी दर्ज होने की जानकारी दी गई।
उक्त के आलोक में उप विकास आयुक्त द्वारा संबंधित अंचल पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि चिन्हित सरकारी भूमि पर ही संवेदक के माध्यम से स्वास्थ्य उपकेंद्र का निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए। साथ ही, किसी भी व्यक्ति द्वारा कार्य में बाधा उत्पन्न किए जाने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके उपरांत चांडिल बाजार स्थित जिला परिषद द्वारा निर्मित मार्केट कॉम्प्लेक्स परिसर में शौचालय निर्माण योजना का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में संबंधित संवेदक को मार्केट कॉम्प्लेक्स के आगे दो दिनों के अंदर निर्माण कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, मार्केट कॉम्प्लेक्स की दुकानों में शटर की व्यवस्था नहीं होने के कारण संबंधित तकनीकी पदाधिकारियों को आवश्यक प्राक्कलन तैयार कर अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
चांडिल प्रखंड अंतर्गत प्रस्तावित बस स्टैंड निर्माण हेतु चिन्हित स्थल का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि उक्त स्थल मुख्य बाजार से काफी दूर है तथा वहां वाहनों का आवागमन अपेक्षाकृत कम है। इसके मद्देनजर उप विकास आयुक्त द्वारा संबंधित अंचल पदाधिकारियों को बस स्टैंड निर्माण हेतु अधिक उपयुक्त एवं सुविधाजनक वैकल्पिक स्थल चिन्हित कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
स्थल निरीक्षण के दौरान संबंधित थाना प्रभारी (चौका एवं चांडिल), राजस्व कर्मचारी, संवेदक एवं स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति में विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। संबंधित भूमि, निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं, स्थल की उपयुक्तता एवं योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक निर्णय एवं दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी, चांडिल श्री तालेश्वर रविदास, अंचल निरीक्षक, चांडिल, परियोजना पदाधिकारी श्री विपिन कुमार सिन्हा, सहायक अभियंता तथा कनीय अभियंता, जिला परिषद सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे। साथ ही, चौका थाना प्रभारी, चांडिल थाना प्रभारी, संबंधित राजस्व कर्मचारी, संवेदक एवं स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे।