Close

सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 10 अगस्त 2026.

Publish Date : 11/08/2026

जिला निर्वाचन पदाधिकारी की अध्यक्षता में विद्यालय, महाविद्यालय एवं प्रशिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित…

मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र विद्यार्थियों एवं 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं का नाम जोड़ने हेतु आवश्यक निर्देश…
==========================

उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावाँ श्री नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं प्रशिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई तथा शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययनरत ऐसे छात्र-छात्राओं, जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है लेकिन किसी कारणवश उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, एवं 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र छात्र-छात्राओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विद्यालय, महाविद्यालय एवं प्रशिक्षण संस्थानों में ऐसे सभी पात्र छात्र-छात्राओं की सूची तैयार करें, जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है तथा जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। साथ ही, 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं को भी चिह्नित करते हुए उन्हें मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान करें। उन्होंने सभी पात्र विद्यार्थियों को Form-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने हेतु प्रेरित एवं जागरूक करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना प्रत्येक पात्र युवा के लोकतांत्रिक अधिकार एवं जिम्मेदारी से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे सभी पात्र विद्यार्थियों, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें नाम जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी सहभागिता के महत्व से अवगत कराया जाए।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया कि विद्यालय, महाविद्यालय एवं प्रशिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों की सूची तैयार कर जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं। साथ ही, मतदाता सूची में छूटे हुए सभी पात्र विद्यार्थियों का नाम जोड़ने की दिशा में सकारात्मक एवं समन्वित प्रयास सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि युवा मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के संबंध में जानकारी देना तथा उन्हें मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए प्रेरित करना शैक्षणिक संस्थानों की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

बैठक के दौरान जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह ने बताया कि शैक्षणिक संस्थानों में हेल्प डेस्क मैनेजर द्वारा नियमित रूप से भ्रमण कर मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र विद्यार्थियों को चिह्नित करते हुए उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ने हेतु सहयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को SIR प्रक्रिया, ऑनलाइन Form-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया तथा ECINET ऐप के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी जा रही है। उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों से हेल्प डेस्क मैनेजर को आवश्यक सहयोग प्रदान करने तथा मतदाता सूची में छूटे हुए सभी पात्र विद्यार्थियों का नाम जोड़ने के लिए उन्हें प्रेरित एवं जागरूक करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में छूटे हुए विद्यार्थियों के नाम जोड़ने में प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी शैक्षणिक संस्थान इस दिशा में सकारात्मक पहल करते हुए विद्यार्थियों को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग प्रदान करें। साथ ही, विद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में नियमित रूप से ELC (Electoral Literacy Club) गतिविधियों का आयोजन करने का निर्देश दिया गया, ताकि छात्र-छात्राओं को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता के अधिकार एवं दायित्व तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी सहभागिता के संबंध में जागरूक किया जा सके।

बैठक में जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा संचालित मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण संबंधी गतिविधियों में शैक्षणिक संस्थानों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा पात्र छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक मे जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री कैलाश मिश्रा, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी एवं अन्य सम्बन्धित पदाधिकारी उपस्थित रहे।.