Close

सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक :- 21 जुलाई, 2026.

Publish Date : 27/07/2026
janta darbar1 (4)

साप्ताहिक जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनी जनसमस्याएं, संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के दिए निर्देश…

सरायकेला-खरसावाँ, 21 जुलाई, 2026 : उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जन शिकायत निवारण कार्यक्रम के तहत साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए।

जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने प्राप्त आवेदनों पर गंभीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निराकरण किया। शेष मामलों को आवश्यक कार्रवाई एवं समयबद्ध निष्पादन हेतु संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को अग्रसारित करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनता दरबार में मुख्य रूप से नागरिकों की व्यक्तिगत एवं सामाजिक समस्याओं सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर उपायुक्त द्वारा संज्ञान लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई एवं समयबद्ध निष्पादन के निर्देश दिए गए। प्राप्त आवेदनों में कपाली क्षेत्र अंतर्गत भूमि विवाद से संबंधित प्रकरण में वाद वापस लेने हेतु कथित धमकी दिए जाने, आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-24 इच्छापुर में सेविका चयन में अनियमितता की शिकायत, आदित्यपुर अंचल अंतर्गत भूमि सीमांकन, मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ आवेदन के उपरांत भी प्राप्त नहीं होने, श्रवण बाधित छात्र के उच्च तकनीकी शिक्षा हेतु आर्का जैन विश्वविद्यालय में नामांकन तथा भूमि विवाद सहित अन्य विभागों से जुड़े विभिन्न मामले शामिल रहे।

जनता दरबार में चलने-फिरने में असमर्थ एक वृद्ध व्यक्ति को देखकर उपायुक्त स्वयं प्रतीक्षालय में पहुंचे और उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान वृद्ध व्यक्ति एवं उनके साथ आए परिजन ने बताया कि उनके तीन पुत्र हैं, जिनमें से एक पुत्र द्वारा उनकी संपत्ति पर जबरन कब्जा कर लिया गया है। साथ ही अन्य दोनों भाइयों को संपत्ति में हिस्सा नहीं दिया जा रहा है तथा वृद्ध व्यक्ति के भरण-पोषण की भी समुचित व्यवस्था नहीं की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए वृद्ध व्यक्ति को आवश्यक सहयोग एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए तथा वृद्ध व्यक्ति एवं उनके परिजनों को आश्वस्त किया कि प्रकरण में नियमानुसार हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों के निष्पादन में संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता बनाए रखते हुए पात्र आवेदकों को समय पर राहत उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

उल्लेखनीय है कि प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार (कार्यदिवस) को समाहरणालय स्थित उपायुक्त के कार्यालय कक्ष में जन शिकायत निवारण दिवस के तहत जिला स्तरीय साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया जाता है। जिले के नागरिक अपनी व्यक्तिगत एवं सामाजिक समस्याओं सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों के साथ जनता दरबार में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं। प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार सुनवाई करते हुए उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।

 

 

 

 

 

janta darbar1 (2) janta darbar1 (3) janta darbar1 (4) janta darbar1 (1)