Close

सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक:- 20 जुलाई, 2026.

Publish Date : 27/07/2026
jal mission (1)

नगर निगम आदित्यपुर एवं नगर परिषद कपाली क्षेत्र की पेयजल योजनाओं की उपायुक्त ने की समीक्षा, नगर निगम आदित्यपुर में 31 जुलाई तक कार्य पूर्ण कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश…
=========================
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में नगर निगम आदित्यपुर एवं नगर परिषद कपाली क्षेत्र में संचालित विभिन्न पेयजलापूर्ति योजनाओं की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में JUDCO, जिंदल, शापूरजी पालनजी सहित संबंधित कार्यकारी एजेंसियों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति, पाइपलाइन बिछाने, जलापूर्ति अवसंरचना निर्माण एवं शेष कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने विशेष रूप से आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के आदित्यपुर-2 स्थित सीतारामपुर 30 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से नियमित पेयजलापूर्ति प्रारंभ नहीं होने पर गंभीर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संबंधित एजेंसियों द्वारा 15 जुलाई, 2026 तक नियमित जलापूर्ति प्रारंभ करने का आश्वासन दिया गया था, किंतु निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्य प्राप्त नहीं किया जा सका, जिससे आम नागरिकों को पेयजल संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उपायुक्त ने योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही तकनीकी समस्याओं, भूमि संबंधी विषयों, समन्वय एवं अन्य अवरोधों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित एजेंसियों को सभी बाधाओं का त्वरित निराकरण करते हुए कार्य में अपेक्षित गति लाने का निर्देश दिया।

उन्होंने जुड़को , जिंदल एवं शापूरजी, पालनजी के प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि 31 जुलाई, 2026 तक शेष सभी कार्य पूर्ण करते हुए घर-घर नियमित पेयजलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा का पुनः उल्लंघन अथवा अनावश्यक विलंब किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। समयबद्ध कार्य पूर्ण नहीं होने की स्थिति में विभागीय प्रावधानों एवं प्रचलित दिशा-निर्देशों के आलोक में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में नगर परिषद कपाली क्षेत्र में संचालित पेयजल योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया कि पाइपलाइन बिछाने, जलापूर्ति नेटवर्क विस्तार एवं अन्य अधूरे कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्र के सभी लाभुकों को नियमित एवं निर्बाध पेयजलापूर्ति का लाभ मिल सके।

उपायुक्त ने कहा कि पेयजलापूर्ति से जुड़ी परियोजनाएं जनहित एवं नागरिकों की मूलभूत आवश्यकता से संबंधित हैं। अतः सभी कार्यदायी एजेंसियां निर्धारित समयसीमा, गुणवत्ता मानकों एवं स्वीकृत कार्ययोजना के अनुरूप कार्य करना सुनिश्चित करें। संबंधित विभागीय पदाधिकारी नियमित रूप से योजनाओं की प्रगति की निगरानी करें तथा किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न होने पर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें, जिससे आम नागरिकों को शीघ्र पेयजल संबंधी समस्याओं से राहत मिल सके।

बैठक में नगर आयुक्त श्री अज़ाज़ अनवर, JUDCO, जिंदल एवं शापूरजी पालनजी के प्रतिनिधिगण तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

jal mission (2) jal mission (3) jal mission (1)