सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 09 जुलाई, 2026.
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी खरसावां विधानसभा -सह-अपर उपायुक्त ने अंचल कार्यालय, खरसावाँ में SIR-2026 के तहत गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्यों की समीक्षा की, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश…
==========================
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत 57-खरसावाँ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अपर उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ श्री जयवर्धन कुमार ने अंचल कार्यालय, खरसावाँ में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के डिजिटाइजेशन कार्यों की समीक्षा की। बैठक में डिजिटाइजेशन कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्ध निष्पादन की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान डिजिटाइजेशन कार्य के लिए प्रतिनियुक्त कर्मियों को समुचित प्रशिक्षण उपलब्ध कराने, कंट्रोल रूम के माध्यम से कार्यों का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक गणना प्रपत्र का त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन करने का निर्देश दिया गया। साथ ही अपलोड किए जाने वाले फोटो की गुणवत्ता, सही डाटा प्रविष्टि तथा गणना प्रपत्रों के सुरक्षित एवं बूथवार व्यवस्थित संधारण पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में स्वयंसेवकों (Volunteer) एवं BLO के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर डिजिटाइजेशन कार्य में अपेक्षित गति लाने तथा प्रतिदिन नियमित समीक्षा के माध्यम से कार्यों की प्रगति का अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के अंतर्गत गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर त्रुटिरहित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) को अभियान की सतत निगरानी करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।