सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक:- 08 जुलाई, 2026.
SIR-2026 के तहत प्रगति की उपायुक्त ने की समीक्षा, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश….
सरायकेला-खरसावाँ, 08 जुलाई, 2026 : जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में संचालित SIR-2026 (Special Intensive Revision) अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। बैठक में सभी निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (AERO) एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान इन्उमरेशन (गणना) प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्यों की विधानसभावार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अभियान के सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए कार्ययोजना बनाकर सुनियोजित ढंग से कार्य करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि सभी बीएलओ सुपरवाइजर एवं बीएलओ पूरी रुचि, गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। SIR कार्य में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारी एवं कर्मी संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा अभियान के प्रत्येक चरण का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें।
उन्होंने सभी ERO एवं AERO को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर इन्उमरेशन प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं प्रगति की सतत समीक्षा करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रत्येक बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर को प्रतिदिन स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर उसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा पंचायत स्तर पर आयोजित विशेष शिविरों में निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के उपरांत ही शिविर का समापन करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने इन्उमरेशन प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य में और अधिक तेजी लाने पर बल देते हुए कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि निर्धारित समयावधि के भीतर अभियान के सभी चरण सफलतापूर्वक पूर्ण किए जा सकें।
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि SIR-2026 निर्वाचन आयोग का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध अभियान है। इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता अथवा लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। इन्उमरेशन प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक पात्र मतदाता का विवरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर अद्यतन हो तथा अभियान का सफल एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।