सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 08 जुलाई, 2026.
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत माननीय पूर्व मुख्यमंत्री-सह-सरायकेला विधायक एवं माननीय खरसावाँ विधायक ने परिवार के पात्र सदस्यों के साथ एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को सौंपा…
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के अंतर्गत आज माननीय पूर्व मुख्यमंत्री सह विधायक, सरायकेला विधानसभा क्षेत्र, श्री चंपई सोरेन तथा माननीय विधायक, खरसावाँ विधानसभा क्षेत्र, श्री दशरथ गागराई ने अपने परिवार के पात्र सदस्यों के साथ एन्यूमरेशन प्रपत्र (Enumeration Form) भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) को सौंपा। उक्त अवसर पर संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), बीएलओ सुपरवाइजर तथा संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) उपस्थित थे।
इस अवसर पर माननीय दोनों जनप्रतिनिधिगण ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित समय-सीमा 29 जुलाई, 2026 के भीतर अपना तथा अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा करें तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का अद्यतन एवं शुद्धीकरण लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। प्रत्येक पात्र मतदाता का इस अभियान में सहभागी होना आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे समय पर अपना एन्यूमरेशन प्रपत्र भरें तथा अपने परिवार, पड़ोस एवं आसपास के अन्य पात्र मतदाताओं को भी प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करें, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
