Close

सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 23 जून, 2026

Publish Date : 24/06/2026
strong room (1)

उपायुक्त -सह- जिला निर्वाचन पदाधिकारी की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय नोडल पदाधिकारी की उपस्थिति में ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण संपन्न…
==========================
सरायकेला-खरसावाँ, 23 जून 2026 : निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सामुदायिक भवन, सरायकेला स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण आज उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय नोडल पदाधिकारी (वेयरहाउस) श्री देवदास दत्ता की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सरायकेला श्री अभिनव प्रकाश तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, प्रवेश-निकास रजिस्टर, डबल लॉक सिस्टम, सील की स्थिति तथा ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव संबंधी व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया गया। साथ ही वेयरहाउस में संधारित अभिलेखों एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुपालन की भी समीक्षा की गई।

उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों एवं दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा, निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता से सीधे जुड़ी हुई है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था के प्रत्येक पहलू पर विशेष सतर्कता बरती जाए।

राज्य स्तरीय नोडल पदाधिकारी श्री देवदास दत्ता ने वेयरहाउस में उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन उपकरणों तथा अन्य सुरक्षा संसाधनों की नियमित जांच एवं रख-रखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अभिलेखों के अद्यतन संधारण, प्रवेश-निकास गतिविधियों की नियमित निगरानी तथा वेयरहाउस प्रबंधन से संबंधित सभी निर्धारित मानकों के अनुपालन पर बल दिया।

निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा एवं प्रबंधन व्यवस्था का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने तथा मतदाताओं के विश्वास को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सभी निर्धारित प्रोटोकॉल का सतत अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

 

 

strong room (2) strong room (3) strong room (4) strong room (1)