Close

सूचना भवन सरायकेला-खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक:- 16 जून 2026.

Publish Date : 17/06/2026

उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ के निर्देशानुसार तथा उत्पाद अधीक्षक, सरायकेला-खरसावाँ के नेतृत्व में जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने हेतु प्राप्त आसूचना के आधार पर सतत छापामारी अभियान संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में दिनांक 16.06.2026 को नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेड़ेदा एवं केंदडीह में विशेष छापामारी अभियान संचालित किया गया। छापामारी के दौरान कुल 03 अवैध चुलाई भट्टियों का पता लगाकर उन्हें विधिसम्मत रूप से ध्वस्त किया गया। साथ ही लगभग 500 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया।

बरामद अवैध उत्पाद सामग्री को झारखंड उत्पाद अधिनियम एवं प्रचलित विधिक प्रावधानों के अनुरूप जप्त कर विनष्ट कर दिया गया। उक्त अवैध चुलाई अड्डों के संचालकों एवं संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

उत्पाद विभाग द्वारा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी निरंतर सघन अभियान चलाया जाता रहेगा तथा ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की संलिप्तता पाए जाने पर विधिसम्मत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।