Close

सूचना भवन, सरायकेला-खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 09 जून, 2026.

Publish Date : 12/06/2026
health meeting (1)

उपायुक्त की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित, आंगनबाड़ी सेवाओं एवं विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए गए निर्देश…
=============================

उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली, उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, पोषण सेवाओं, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) गतिविधियों तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

समीक्षा के क्रम में सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों (CDPO) एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं (LS) को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्रों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे पूरक पोषाहार, खेलकूद एवं प्रारंभिक शिक्षा गतिविधियों, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, शौचालय सहित अन्य निर्धारित सेवाओं का अवलोकन करते हुए विस्तृत प्रतिवेदन उसी दिन जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने तथा संबंधित आंकड़ों को विभागीय पोर्टल पर अद्यतन करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में कुपोषित एवं अतिकुपोषित बच्चों की नियमित पहचान सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता के अनुरूप उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र (MTC) में भर्ती कर समुचित उपचार एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को विभागीय मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने तथा पोषण स्तर में सुधार हेतु विशेष प्रयास करने पर बल दिया गया।

सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में नियमित वीएचएसएनडी (VHSND) आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं की स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, वजन मापन तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जा सकें। स्वास्थ्य विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा प्रदान करने, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) गतिविधियों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु अनुकूल शिक्षण वातावरण विकसित करने का निर्देश दिया। साथ ही केंद्रों में स्वच्छता, साफ-सफाई एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने तथा उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया।

समीक्षा के दौरान निजी भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों हेतु स्थायी भवन निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि का चिन्हांकन कर प्रस्ताव जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त जर्जर एवं मरम्मतीकरण योग्य आंगनबाड़ी केंद्रों की सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई हेतु जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया।

सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना की समीक्षा के क्रम में पात्र किशोरियों को शत-प्रतिशत योजना से आच्छादित करने तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया गया। साथ ही मुख्यमंत्री कन्यादान योजना एवं विधवा पुनर्विवाह प्रोत्साहन योजना के पात्र लाभुकों को नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराने तथा प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।

प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की समीक्षा के दौरान लंबित एवं प्रतीक्षारत मामलों का शीघ्र निष्पादन करते हुए पात्र लाभुकों को शत-प्रतिशत लाभ प्रदान करने का निर्देश दिया गया। साथ ही लाभुकों के सत्यापन एवं भुगतान से संबंधित प्रक्रियाओं में तेजी लाकर योजनांतर्गत प्रगति में सुधार सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

विभिन्न विभागीय योजनाओं के लाभुकों के डिजिटल सत्यापन एवं प्रमाणीकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को एफआरएस (FRS) आधारित सत्यापन कार्य में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित कर शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सत्यापन कार्य में उत्पन्न तकनीकी समस्याओं का त्वरित निराकरण कर लंबित मामलों के निष्पादन को सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में अपार आईडी (APAAR ID) एवं आभा आईडी (ABHA ID) निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस क्रम में संबंधित पदाधिकारियों को प्रतिदिन अनुश्रवण करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति में अपेक्षित सुधार लाने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी पात्र बच्चों एवं लाभुकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में विभागीय अभिलेखों का अद्यतन संधारण, पोषण ट्रैकर एवं अन्य विभागीय पोर्टलों पर सूचनाओं की नियमित प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए। साथ ही अनुपस्थित एवं ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर उन्हें पुनः सेवाओं से जोड़ने तथा पात्र लाभुकों को विभागीय योजनाओं से शत-प्रतिशत आच्छादित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित अनुश्रवण, समयबद्ध प्रतिवेदन उपलब्ध कराने तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु जवाबदेही एवं समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सत्या ठाकुर, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री कैलाश मिश्रा, जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO), महिला पर्यवेक्षिकाएं (LS) तथा समाज कल्याण विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

health meeting (2) health meeting (3) health meeting (1)