Close

सूचना भवन, सरायकेला-खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक :- 31 मई 2026.

Publish Date : 03/06/2026
exam of cs office (1)

स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संविदा पदों पर नियुक्ति हेतु आयोजित लिखित परीक्षा केंद्र का उपायुक्त ने किया निरीक्षण…

परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं, सीसीटीवी निगरानी एवं विधि-व्यवस्था का लिया जायजा, गोपनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के दिए निर्देश…

स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत स्टाफ नर्स, एएनएम, जीएनएम, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर (STS) सहित विभिन्न संविदा पदों पर नियुक्ति हेतु एनआर स्कूल, सरायकेला में आयोजित लिखित परीक्षा केंद्र का उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां श्री नितिश कुमार सिंह द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं, अभ्यर्थियों हेतु उपलब्ध कराई गई मूलभूत सुविधाओं तथा परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए किए गए प्रबंधों का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा संचालन से संबंधित सभी निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं मानकों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया की गोपनीयता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर अनियमितता अथवा लापरवाही की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।

परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। साथ ही परीक्षा की सतत एवं प्रभावी निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों एवं वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। उपायुक्त ने प्रतिनियुक्त अधिकारियों को परीक्षा केंद्र परिसर एवं उसके आसपास सतर्क निगरानी बनाए रखने तथा शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त एवं व्यवस्थित वातावरण में परीक्षा संपन्न कराने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा में सम्मिलित सभी अभ्यर्थियों को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है, जिसे हर स्तर पर सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में योग्य, दक्ष एवं प्रतिबद्ध मानव संसाधन की उपलब्धता बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की आधारशिला है। पारदर्शी एवं मेरिट आधारित चयन प्रक्रिया के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों का चयन सुनिश्चित कर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

परीक्षा का संचालन शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराया गया।

 

 

exam of cs office (2) exam of cs office (3) exam of cs office (4) exam of cs office (1)