Close

सूचना भवन, सरायकेला-खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक:- 30 मई, 2026.

Publish Date : 01/06/2026
chpe todo (1)

“चुप्पी तोड़ो–स्वस्थ रहो” अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय समीक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित…

पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, सरायकेला द्वारा संचालित “चुप्पी तोड़ो–स्वस्थ रहो” अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर दिनांक 30 मई, 2026 को उप विकास आयुक्त, सरायकेला-खरसावां सुश्री रीना हांसदा की अध्यक्षता में वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के प्रभावी संचालन एवं व्यापक जनजागरूकता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में सभी प्रखंडों को निर्देशित किया गया कि प्रखंड स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, कर्मियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं जलसहियाओं को अभियान के उद्देश्यों एवं गतिविधियों से अवगत कराया जाए। साथ ही प्रखंड जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित कर अभियान के सफल संचालन हेतु कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया।

इसके अतिरिक्त पंचायत एवं ग्राम स्तर पर नियमित जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने, किशोरियों एवं महिलाओं को माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाने तथा ग्राम स्तर पर निर्मित भस्मक (इन्सिनरेटर) के उपयोग हेतु प्रेरित करने पर विशेष बल दिया गया। बैठक में अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में माहवारी स्वच्छता से जुड़े मिथकों एवं संकोच को दूर करने के लिए सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि माहवारी स्वच्छता केवल स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि महिलाओं एवं किशोरियों के सम्मान, गरिमा एवं सशक्तिकरण से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अभियान के दौरान अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वयं सहायता समूहों एवं ग्राम संगठनों के माध्यम से व्यापक जागरूकता गतिविधियां संचालित करने तथा माहवारी स्वच्छता से जुड़े मिथकों एवं सामाजिक वर्जनाओं को दूर करने हेतु विशेष प्रयास करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक किशोरी एवं महिला तक स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं जागरूकता का संदेश पहुंचाना है, जिसके लिए सभी विभागों एवं समुदाय की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।

बैठक में कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, सरायकेला, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला समन्वयक एसबीएम/जेजेएम, प्रखंड समन्वयक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

इसी क्रम में दिनांक 30 मई, 2026 को पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, सरायकेला कार्यालय परिसर में कार्यपालक अभियंता की अध्यक्षता में “चुप्पी तोड़ो–स्वस्थ रहो” अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को माहवारी स्वच्छता शपथ दिलाई गई तथा रेड डॉट चैलेंज के माध्यम से माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन को महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य, सम्मान एवं सशक्तिकरण से जोड़ते हुए इसे जन आंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता पर बल दिया गया। साथ ही उपस्थित सभी प्रतिभागियों से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, सरायकेला, जिला एवं प्रखंड समन्वयक एसबीएम/जेजेएम तथा विभिन्न जलसहियाएं उपस्थित थीं।

 

 

chpe todo (2) chpe todo (1)