सूचना भवन, सरायकेला–खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक — 26 नवंबर, 2026.

Publish Date : 26/11/2026
constitution (2)

संविधान दिवस पर समाहरणालय सहित जिले के विभिन्न कार्यालयों में हुआ प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, उपायुक्त ने संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात कर जनहित एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का किया आह्वान…
=======================
भारतीय संविधान को अंगीकृत किए जाने की वर्षगाँठ के अवसर पर आज जिले में संविधान दिवस गरिमामय एवं शासकीय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिला कोषागार पदाधिकारी, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। तत्पश्चात उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने सामूहिक रूप से प्रस्तावना का पाठ करते हुए संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली का मूल आधार है। संविधान में निहित मूल्यों को आत्मसात करना प्रत्येक नागरिक के साथ-साथ पदाधिकारियों एवं कर्मियों का भी दायित्व है। उन्होंने सभी से अपने कार्यों एवं व्यवहार में न्याय, समानता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के संवैधानिक आदर्शों को अपनाने तथा आम नागरिकों को पारदर्शी, समयबद्ध एवं सुलभ सेवाएं उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नागरिकों के अधिकारों का सम्मान एवं अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से आह्वान किया कि वे संविधान में निहित आदर्शों को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने दैनिक कार्यों एवं जनसेवा के प्रत्येक स्तर पर व्यवहार में लाएं। साथ ही, उन्होंने नागरिकों से भी अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा मौलिक कर्तव्यों के पालन में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

उपायुक्त के निर्देशानुसार संविधान दिवस के अवसर पर जिले के सभी अनुमंडलों एवं अन्य जिला स्तरीय कार्यालयों में भी संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, शपथ ग्रहण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा जनहित को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।

 

 

constitution (2) constitution (3) constitution (1)