चना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 18 नवंबर, 2026.
झारखंड स्थापना दिवस समारोह-2026 के तहत जिले में 28 नवंबर तक महिला एवं बाल विकास से संबंधित विशेष गतिविधि अभियान का आयोजन…
उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निर्धारित गतिविधियों का समयबद्ध क्रियान्वयन, अधिकाधिक किशोरियों एवं पात्र लाभार्थियों की सहभागिता तथा विभागीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने का दिया निर्देश…
=========================
झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह-2026 के अवसर पर महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग, झारखंड द्वारा दिनांक 17 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक राज्यव्यापी विशेष गतिविधि अभियान का आयोजन किया जा रहा है। अभियान की मुख्य थीम ‘सशक्त महिला-सुरक्षित मातृत्व-सुपोषित झारखंड-समावेशी झारखंड’ निर्धारित की गई है। इसके तहत जिले में आंगनबाड़ी केंद्र, प्रखंड एवं जिला स्तर पर निर्धारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ द्वारा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सत्या ठाकुर को निर्देशित किया गया है कि विभाग द्वारा निर्धारित गतिविधि कैलेंडर के अनुरूप सभी कार्यक्रमों का समयबद्ध आयोजन सुनिश्चित कराएं। अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करना नहीं, बल्कि विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना, नए लाभार्थियों की पहचान एवं पंजीकरण, लंबित आवेदनों का निष्पादन तथा आंगनबाड़ी केंद्रों एवं लाभार्थियों से संबंधित आंकड़ों का सत्यापन एवं अद्यतन करना भी है।
निर्धारित तिथियों पर आयोजित होंगी विभिन्न गतिविधियां👇🏼
विभाग द्वारा जारी गतिविधि कैलेंडर के अनुसार जिले में निम्नलिखित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे—
18 नवंबर – किशोरी सशक्तिकरण दिवस : सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत पात्र किशोरियों की पहचान, योजना के प्रति जागरूकता, किशोरियों को THR वितरण तथा किशोरी स्वास्थ्य, स्वच्छता, एनीमिया एवं शिक्षा पर चर्चा की जाएगी। प्रखंड स्तर पर योजना के पात्र लाभार्थियों के लिए आवेदन सहायता शिविर आयोजित किए जाएंगे। उपायुक्त ने अधिकाधिक किशोरियों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए पात्र किशोरियों को योजना से जोड़ने एवं उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
19 नवंबर – पूरक पोषाहार कार्यक्रम : आंगनबाड़ी केंद्रों में THR एवं गर्म पका भोजन से संबंधित जागरूकता, स्थानीय खाद्य पदार्थों एवं पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी तथा माताओं को संतुलित आहार की जानकारी दी जाएगी। प्रखंड स्तर पर पूरक पोषाहार वितरण एवं गुणवत्ता की समीक्षा, पोषण व्यंजन प्रतियोगिता तथा पोषाहार वितरण से संबंधित समस्याओं के समाधान की पहल की जाएगी।
20 नवंबर – स्वच्छ एवं स्वस्थ आंगनबाड़ी दिवस : जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में विशेष स्वच्छता अभियान, केंद्र परिसर की सफाई, पेयजल एवं शौचालय की स्वच्छता, हाथ धोने का प्रदर्शन तथा स्वच्छता संबंधी रंगोली एवं संदेश लेखन जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिला एवं प्रखंड स्तर पर स्वच्छता निरीक्षण, स्वच्छ आंगनबाड़ी प्रतियोगिता तथा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
21 नवंबर – सुरक्षित मातृत्व : गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं की बैठक, पात्र लाभार्थियों की पहचान, आवेदन प्रपत्र भरने में सहायता, लंबित आवेदनों एवं दस्तावेजों की जांच तथा महिलाओं को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रखंड स्तर पर विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित कर पात्र महिलाओं को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।
22 नवंबर – महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण दिवस : महिलाओं एवं किशोरियों को महिला सुरक्षा, हिंसा से बचाव, सहायता सेवाओं एवं वन स्टॉप सेंटर की भूमिका की जानकारी दी जाएगी। हेल्पलाइन एवं सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया जाएगा। जिला एवं प्रखंड स्तर पर महिला सुरक्षा जागरूकता बैठक, सूचना स्टॉल एवं सहायता सेवाओं से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
23 नवंबर – बाल विवाह मुक्त झारखंड दिवस : बालिका जन्मोत्सव, बालिकाओं का सम्मान, अभिभावक बैठक, बालिका शिक्षा एवं समान अवसरों पर चर्चा तथा बाल विवाह एवं लैंगिक भेदभाव के विरुद्ध शपथ जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिला एवं प्रखंड स्तर पर बालिका सम्मेलन एवं जागरूकता रैली के साथ विद्यालयों एवं पंचायतों की सहभागिता से बालिका शिक्षा, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण संबंधी कार्यक्रम आयोजित होंगे।
24 नवंबर – आंगनबाड़ी प्रबंधन समिति दिवस : आंगनबाड़ी प्रबंधन समितियों का गठन (जहां गठन नहीं हुआ है), नियमित बैठक तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में छूटे हुए लाभार्थियों की पहचान एवं पोषण ट्रैकर में उनका पंजीकरण किया जाएगा। जिला एवं प्रखंड स्तर पर आंगनबाड़ी प्रबंधन समिति के विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
25 नवंबर – नशा मुक्त समाज अभियान (NAPDDR) : बच्चों, किशोरों एवं अभिभावकों के साथ नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा, जागरूकता शपथ, पोस्टर एवं स्लोगन गतिविधियां तथा नशा मुक्ति के लिए उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायत एवं संबंधित संस्थाओं के सहयोग से जिला एवं प्रखंड स्तर पर विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे।
26 नवंबर – दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं समावेशी समाज दिवस : दिव्यांग बच्चों एवं व्यक्तियों की पहचान, उनके परिवारों को उपलब्ध सरकारी योजनाओं की जानकारी, समावेशी खेल एवं गतिविधियां तथा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के अभिभावकों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। प्रखंड स्तर पर दिव्यांगजन सहायता शिविर, UDID एवं दिव्यांगता प्रमाण-पत्र संबंधी मार्गदर्शन तथा पात्र व्यक्तियों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने हेतु संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जाएगा।
28 नवंबर – सुशासन दिवस : जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इस दौरान उत्कृष्ट सेविका, सहायिका एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को सम्मानित करने के साथ आगामी कार्ययोजना तैयार की जाएगी। उत्कृष्ट महिला पर्यवेक्षिका एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी को भी सम्मानित किया जाएगा।
अधिकाधिक पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का निर्देश…
उपायुक्त ने निर्देश दिया है कि अभियान के दौरान विशेष रूप से किशोरियों, गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, बच्चों एवं जरूरतमंद परिवारों की पहचान कर उन्हें विभाग द्वारा संचालित पात्रता आधारित योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ा जाए। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं के प्रति व्यापक जागरूकता उत्पन्न करते हुए नए पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण एवं आवेदन की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि पात्र लाभार्थी जानकारी एवं प्रक्रिया के अभाव में योजनाओं के लाभ से वंचित न रहें।
सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं को अपने-अपने क्षेत्र में निर्धारित गतिविधियों के आयोजन एवं अनुश्रवण की जिम्मेदारी दी गई है। आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लाभार्थियों तक कार्यक्रमों की जानकारी पहुंचाने तथा अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। अभियान में पंचायत प्रतिनिधियों, विद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों एवं संबंधित विभागों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि आयोजित गतिविधियों, लाभार्थियों की सहभागिता, नए पंजीकरण, योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई एवं लंबित आवेदनों के निष्पादन से संबंधित प्रगति का नियमित संधारण किया जाए। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी द्वारा सभी प्रखंडों से प्राप्त प्रतिवेदनों का समेकन कर अभियान की प्रगति एवं उपलब्धियों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि अभियान का क्रियान्वयन केवल निर्धारित कार्यक्रमों के आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका प्रत्यक्ष लाभ पात्र महिलाओं, किशोरियों, बच्चों एवं जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचना चाहिए। सभी संबंधित पदाधिकारी व्यक्तिगत रुचि एवं जिम्मेदारी के साथ निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि महिला सशक्तिकरण, सुरक्षित मातृत्व, पोषण, बाल संरक्षण एवं समावेशी विकास के उद्देश्यों को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू किया जा सके।