सूचना भवन, सरायकेला–खरसावाँ (मीडिया कोषांग) प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 23 फरवरी 2026.
नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 : मतदान प्रक्रिया की सतत निगरानी हेतु स्थापित जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष का प्रमंडलीय आयुक्त (कोल्हान) ने किया निरीक्षण…
नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 के अंतर्गत मतदान प्रक्रिया की सतत निगरानी, त्वरित सूचना संकलन, विधि-व्यवस्था समन्वय एवं पारदर्शी निर्वाचन संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित सभागार में स्थापित सरायकेला–खरसावाँ जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष का सिंहभूम (कोल्हान) प्रमंडल के आयुक्त श्री रवि रंजन कुमार विक्रम द्वारा निरीक्षण किया गया।
इस अवसर पर अपर उपायुक्त श्री जयबर्धन कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी,जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के क्रम में प्रमंडलीय आयुक्त द्वारा नगर निगम आदित्यपुर, नगर पंचायत सरायकेला तथा नगर परिषद कपाली क्षेत्रों में संचालित मतदान प्रक्रिया, अद्यतन मतदान प्रतिशत एवं विधि-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी नगरीय निकायों से प्राप्त सूचनाओं एवं प्रतिवेदनों का समयबद्ध संकलन एवं सत्यापन सुनिश्चित किया जाए तथा मतदान प्रतिशत सहित अन्य आवश्यक आंकड़ों का नियमित अद्यतन कर उच्चाधिकारियों को त्वरित प्रेषण किया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि विधि-व्यवस्था से संबंधित सूचनाओं पर त्वरित समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने हेतु नियंत्रण कक्ष पूर्णतः सक्रिय एवं सतर्क रहे।
जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष के माध्यम से निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
