सूचना भवन, सरायकेला–खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 29 जनवरी, 2026.
कुछ समाचार माध्यमों एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर होमगार्ड बहाली से संबंधित प्रकाशित/प्रसारित समाचार के संदर्भ में यह स्पष्ट किया जाता है कि सरायकेला–खरसावाँ जिले में होमगार्ड बहाली की प्रक्रिया अभी प्रारंभिक एवं प्रक्रियाधीन अवस्था में है।
वर्तमान में अभ्यर्थियों द्वारा समर्पित आवेदन-पत्रों की स्क्रूटनी (जांच) की जा रही है। स्क्रूटनी की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत मास्टरशीट प्रकाशित की जाएगी, जिसके पश्चात नियमानुसार दावा-आपत्ति आमंत्रित की जाएगी।
दावा-आपत्ति के समुचित निराकरण के पश्चात ही शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Test) से संबंधित तिथि एवं कार्यक्रम पृथक से आधिकारिक रूप से प्रकाशित किया जाएगा।
अतः यह स्पष्ट किया जाता है कि वर्तमान समय में न तो शारीरिक परीक्षा/दौड़ की कोई तिथि निर्धारित की गई है और न ही इस संबंध में कोई अंतिम कार्यक्रम जारी किया गया है। अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा अपुष्ट सूचना पर ध्यान न दें तथा केवल जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचना को ही प्रामाणिक माना जाए।