Close

सूचना भवन, सरायकेला–खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 29 जनवरी, 2026.

Publish Date : 30/01/2026
eduction (1)

उपायुक्त की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक संपन्न, शैक्षणिक कार्य/गतिविधियों में सुधार के निमित्त दिए गए आवश्यक दिशा निर्देश…

आज दिनांक 29 जनवरी, 2026 को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त–सह–जिला दंडाधिकारी की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (BEEO), प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (BPO), संकुल संसाधन व्यक्ति (CRP), प्रखंड संसाधन व्यक्ति (BRP) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान उपायुक्त द्वारा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने, विद्यार्थियों की कक्षा उपस्थिति में वृद्धि, आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता (FLN) मिशन के लक्ष्यों की प्राप्ति तथा शिक्षकों की नियमित उपस्थिति एवं समयबद्ध अध्यापन कार्य पर विशेष बल दिया गया।
उन्होंने निर्देश दिया कि बिना सूचना के लगातार अनुपस्थित शिक्षकों एवं कर्मियों की सूची तैयार कर, विभागीय दिशा-निर्देशों के आलोक में उनके विरुद्ध निलंबन एवं बर्खास्तगी की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।
साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि सहसे बच्चे विद्यालयों में स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन रोस्टरवार पूर्ण किया जाए तथा छूटे हुए शत-प्रतिशत बच्चों का आधार नामांकन एवं जन्म प्रमाण पत्र निर्माण की प्रक्रिया में शीघ्रता लाई जाए।

उपायुक्त ने कहा कि जिन विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति लगातार कम पाई जा रही है, वहाँ जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से अभिभावकों एवं ग्रामीणों को जागरूक किया जाए। इस कार्य में स्थानीय पदाधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी BEEO, BRP एवं CRP अपने-अपने नामित विद्यालयों का नियमित भ्रमण करें, शिक्षण की गुणवत्ता एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति की समीक्षा करें तथा विद्यार्थियों की नियमित काउंसलिंग कर अध्ययन के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने का प्रयास करें।

बैठक में ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति, आवासीय विद्यालयों में नामांकन की स्थिति, तथा समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में उपलब्ध संरचनात्मक सुविधाओं, निर्माण एवं मरम्मति कार्यों तथा खेल-कूद गतिविधियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले के सभी विद्यालयों में छूटी हुई किशोरियों को सवित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना से जोड़ने हेतु आवेदन प्राप्त कर शीघ्र विभाग को प्रेषित किया जाए, ताकि पात्र किशोरियों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय, चक्रधरपुर (राजनगर) का भवन जर्जर अवस्था में है। इस पर उपायुक्त ने बच्चों को वैकल्पिक भवन में स्थानांतरित कर शैक्षणिक कार्य सुचारु रूप से संचालित करने तथा भवन मरम्मति एवं अतिरिक्त कक्षा निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।

इसके साथ ही उपायुक्त ने सभी विद्यालयों में फोलिक एसिड एवं आयरन टैबलेट वितरण से संबंधित डाटा का पोर्टल पर समय पर प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए ड्रेस मद की राशि, आवंटन प्राप्त होते ही, DBT के माध्यम से बच्चों के खाते में भेजने का भी निर्देश दिया गया।

जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित ऐसे आवेदन जो किसी कारणवश अस्वीकृत हो गए हैं, उन्हें सुधार कर पुनः प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालय के माध्यम से अग्रसारित करने तथा शत-प्रतिशत बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र बनाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि नगरपालिका आम निर्वाचन-2026 के समापन के पश्चात प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में प्रतिनियुक्त शिक्षक अपने मूल दायित्वों में वापस योगदान देना सुनिश्चित करें।

अंत में उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा बच्चों तक योजनाओं का समय पर लाभ पहुँचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रखंड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग करते हुए शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए।

 

eduction (2) eduction (3) eduction (1)