Close

सूचना भवन, सरायकेला–खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक :- 27 जनवरी 2026.

Publish Date : 30/01/2026
meetinh (4)

उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला खेल संचालन समिति की बैठक संपन्न…

खेल अवसंरचना सुदृढ़ीकरण, जिम एवं प्रशिक्षण केंद्रों के संचालन-शुल्क निर्धारण तथा CSR समन्वय पर लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय…

आज समाहरणालय सभागार, सरायकेला में उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला खेल संचालन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में उपलब्ध खेल अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण, खेल सुविधाओं के सुचारू संचालन तथा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला स्थित स्टेडियम गैलरियों के आवंटन से प्राप्त राजस्व के उपयोग पर विचार किया गया। इसके अंतर्गत स्टेडियम परिसर में अधिष्ठापित जिम के लिए जिम ट्रेनर की बहाली एवं मानदेय भुगतान, दो सुरक्षाकर्मी एवं एक सफाईकर्मी उपलब्ध कराने हेतु विभाग से अधियाचना, हाई मास्ट लाइट, स्ट्रीट लाइट एवं कार्यालय हेतु विद्युत उपभोग मद में बिजली बिल भुगतान तथा मैदान व्यवस्था के लिए घास कटिंग मशीन, पानी पटाने हेतु मोटर एवं पाइप आदि क्रय किए जाने पर चर्चा की गई।

बैठक में बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में अधिष्ठापित जिम के संचालन, पंजीकरण व्यवस्था एवं न्यूनतम शुल्क निर्धारण से संबंधित विषय पर विचार किया गया। इस क्रम में जिम के सुचारू संचालन एवं अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मासिक एवं वार्षिक शुल्क निर्धारण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही जिम वर्कआउट के समय निर्धारण एवं निर्धारित शुल्क का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।
इसके अतिरिक्त इंडोर स्टेडियम, सरायकेला के संचालन, खिलाड़ियों के लिए खेलने का समय निर्धारण तथा न्यूनतम शुल्क निर्धारण के संबंध में भी आवश्यक निर्णय लिए गए।

बैठक में खरसावां स्थित आवासीय अर्जुना फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र एवं दुगनी स्थित आवासीय तीरंदाजी प्रशिक्षण अकादमी की वर्तमान स्थिति, संचालन हेतु आवश्यक सामग्री, खेल मैदान एवं आवासीय परिसर की मरम्मति सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इन प्रशिक्षण केंद्रों में बेहतर मैदान व्यवस्था उपलब्ध कराने हेतु विभिन्न औद्योगिक एवं संबद्ध संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) मद के अंतर्गत आवश्यक कार्य कराए जाने का निर्देश दिया गया।

बैठक में आवासीय तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र, दुगनी परिसर की साफ-सफाई एवं मैदान व्यवस्था रामकृष्ण फोर्जिंग के माध्यम से कराए जाने तथा आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, खरसावां की मैदान व्यवस्था श्री सीमेंट संस्थान के माध्यम से कराए जाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई।

इसके अतिरिक्त जिले में नए डे-बोर्डिंग एवं आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना के लिए प्रस्ताव को पुनः भेजने, जिला खेल बैंक की स्थापना प्रक्रिया की समीक्षा तथा खेलकूद मद से संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, खरसावां में कार्यरत प्रशिक्षकों को श्रम विभाग द्वारा निर्धारित दर के अनुसार भुगतान करने हेतु विभाग से मार्गदर्शन प्राप्त करने से संबंधित विषयों पर भी विचार किया गया।

 

meetinh (1) meetinh (2) meetinh (3) meetinh (4)