Close

सूचना भवन, सरायकेला–खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक – 24 जनवरी 2026.

Publish Date : 27/01/2026
tika (1)

कुचाई प्रखंड में उपायुक्त की अध्यक्षता में ‘शिशु शक्ति’ संवर्धित टी.एच.आर. (ए.टी.एच.आर.) वितरण कार्यक्रम का हुआ आयोजन…

अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर सैम एवं मैम श्रेणी के कुपोषित बच्चों हेतु जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण पहल…

आज दिनांक 24 जनवरी 2026 को प्रखंड विकास सह अंचल कार्यालय, कुचाई के सभागार में अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर सैम (गंभीर तीव्र कुपोषण) एवं मैम (मध्यम तीव्र कुपोषण) श्रेणी के बच्चों के पोषण स्तर में सुधार हेतु ‘शिशु शक्ति’ संवर्धित टेक होम राशन (ए.टी.एच.आर.) वितरण कार्यक्रम का आयोजन उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में किया गया। यह कार्यक्रम जिले को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा की गई एक महत्वपूर्ण, लक्षित एवं नवाचारी पहल है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने कहा कि बच्चों, विशेषकर बालिकाओं का स्वास्थ्य सामाजिक विकास का मूल आधार है। उन्होंने बताया कि जिले में संचालित नियमित टेक होम राशन (टी.एच.आर.) व्यवस्था के अतिरिक्त अब ऑगमेंटेड टेक होम राशन (ए.टी.एच.आर.) कार्यक्रम का औपचारिक संचालन प्रारंभ किया गया है, जिससे सैम एवं मैम श्रेणी के बच्चों को अतिरिक्त एवं संतुलित पोषण सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि ए.टी.एच.आर. विशेष रूप से कुपोषित बच्चों की पोषण आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जो नियमित आहार के पूरक के रूप में कार्य करेगा तथा बच्चों के स्वास्थ्य में त्वरित सुधार सुनिश्चित करेगा। उन्होंने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों, बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों एवं आंगनवाड़ी सेविकाओं को निर्देश दिया कि पात्र लाभार्थियों की सही पहचान, समयबद्ध वितरण एवं सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि योजना का लाभ वास्तविक रूप से लक्षित बच्चों तक पहुँचे।
साथ ही, उपायुक्त द्वारा उपस्थित अभिभावकों को बच्चों के पोषण, स्वच्छता एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि इस कार्यक्रम की सफलता के लिए समुदाय की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
उपायुक्त ने विश्वास व्यक्त किया कि इस उन्नत एवं लक्षित पोषण कार्यक्रम के माध्यम से जिले में कुपोषण की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी तथा सैम एवं मैम श्रेणी के बच्चों के स्वास्थ्य स्तर में सकारात्मक सुधार सुनिश्चित किया जा सकेगा।

अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास के प्रति जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है तथा स्वस्थ, सशक्त एवं समृद्ध भविष्य के निर्माण की दिशा में एक सार्थक कदम है।

कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रखंड विकास पदाधिकारी, कुचाई, प्रभारी जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ), महिला पर्यवेक्षिका (एल.एस.), स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि, आंगनवाड़ी सेविकाएँ, सहायिकाएँ, माताएँ एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।

 

 

tika (2) tika (3) tika (4) tika (1)