सूचना भवन, सरायकेला–खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 22 जनवरी 2026.
जिला गव्य विकास कार्यालय परिसर में जिला स्तरीय पशु मेला एवं पशु प्रदर्शनी का हुआ आयोजन…
पशुपालकों/कृषकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर आवेदन प्राप्त किए गए, चयनित लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का किया गया वितरण..
जिला गव्य विकास कार्यालय, सरायकेला परिसर में आज दिनांक 22.01.2026 को जिला स्तरीय पशु मेला एवं पशु प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय सांसद प्रतिनिधि, माननीय विधायक प्रतिनिधि, पशु शल्य चिकित्सक, विभिन्न प्रखंडों के पशु चिकित्सक एवं मीडियाकर्मी उपस्थित रहे। साथ ही जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए गोपालक, पशुपालक एवं प्रगतिशील किसान बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान जिला गव्य विकास विभाग एवं पशुपालन विभाग द्वारा विभागीय स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से पशुपालकों एवं कृषकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर संबंधित योजनाओं के अंतर्गत आवेदन भी प्राप्त किए गए, ताकि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ सुलभ रूप से उपलब्ध कराया जा सके।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं विभागीय पदाधिकारियों द्वारा किसानों एवं पशुपालकों को सशक्त, जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनने हेतु प्रेरित किया गया। अपने सामूहिक संबोधन में अतिथियों ने कहा कि पशुपालन एवं डेयरी विकास किसानों की आय बढ़ाने का एक प्रभावी एवं सशक्त माध्यम है तथा सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर पशुपालक आर्थिक रूप से सुदृढ़ बन सकते हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे विभागीय योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रतानुसार आवेदन करें तथा आधुनिक एवं वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों को अपनाएँ।
इस अवसर पर पशु चिकित्सकों द्वारा पशु स्वास्थ्य, उन्नत नस्ल, टीकाकरण, चारा प्रबंधन एवं पशु रोगों की रोकथाम से संबंधित उपयोगी जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों को तकनीकी जानकारी, सरकारी योजनाओं की पहुँच एवं जागरूकता प्रदान कर जिले में पशुपालन क्षेत्र को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान गव्य प्रभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अंतर्गत 2 दुधारू गाय वितरण योजना के तहत 09 चयनित लाभुकों, 5 दुधारू गाय वितरण योजना के तहत 01 लाभुक तथा 10 दुधारू गाय वितरण योजना के तहत 01 लाभुक को लाभान्वित किया गया। इस प्रकार कुल 11 लाभुकों के बीच 17 दुधारू गायों का वितरण किया गया।
