Close

सूचना भवन, सरायकेला–खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 20 जनवरी, 2026.

Publish Date : 27/01/2026
stone (4)

उपायुक्त के निर्देशानुसार चांडिल थाना क्षेत्र में अवैध पत्थर उत्खनन/परिवहन/भंडारण के विरुद्ध सघन औचक निरीक्षण — अवैध खदान एवं 6 क्रशर इकाइयां जप्त, प्राथमिकी दर्ज…

उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार आज दिनांक 20.01.2026 को जिला खनन पदाधिकारी श्री ज्योति शंकर सतपथी, क्षेत्रीय पदाधिकारी (प्रदूषण) तथा अंचलाधिकारी, चांडिल के नेतृत्व में जिला खनन विभाग एवं स्थानीय चांडिल थाना पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में चांडिल थाना अंतर्गत मौजा चिल्गु एवं मौजा करनीडीह में अवैध पत्थर उत्खनन/परिवहन/भंडारण के विरुद्ध औचक निरीक्षण अभियान संचालित किया गया।

निरीक्षण के क्रम में मौजा चिलगु में एक अवैध पत्थर खदान (Quarry) पाई गई तथा इसके आसपास 6 अवैध क्रशर इकाइयां स्थापित पाई गईं। अवैध खदान एवं क्रशर इकाइयों में उत्खनित/भंडारित पत्थर खनिज को विधिवत जप्त कर स्थानीय पुलिस को सुपुर्द किया गया।

इस प्रकरण में अवैध खदान एवं अवैध क्रशर इकाइयों के भूमि स्वामी तथा संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध चांडिल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। साथ ही प्रदूषण विभाग द्वारा भी इन अवैध इकाइयों के विरुद्ध संबंधित अधिनियमों/नियमों के तहत विभागीय कार्रवाई की जा रही है।

इसके अतिरिक्त, उक्त क्षेत्र में स्थापित 5 ईंट भट्टा इकाइयों का भी निरीक्षण किया गया, जिसमें 3 ईंट भट्टे संचालित एवं 2 बंद पाए गए। संचालित इकाइयों से खनन विभाग द्वारा नियमानुसार जुर्माना वसूला गया है, जबकि प्रदूषण विभाग द्वारा संचालित इकाइयों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।

इस सम्बन्ध मे उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले के किसी भी क्षेत्र में खनिजों के अवैध उत्खनन, भंडारण अथवा परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कठोर विधिसम्मत कार्रवाई, संपत्ति की जप्ती एवं दंडात्मक प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिला खनन पदाधिकारी ने कहा कि अवैध खनन पर प्रभावी रोकथाम हेतु संयुक्त निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाली खदानों/क्रशर/ईंट भट्टों के विरुद्ध शून्य-सहिष्णुता नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी तथा दोषियों को किसी भी स्तर पर राहत नहीं दी जाएगी।

 

 

 

stone (1) stone (5) stone (4)  stone (3)