Close

सूचना भवन सरायकेला-खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक- 22 जनवरी 2026.

Publish Date : 27/01/2026
inter exam (3)

उपायुक्त की अध्यक्षता मे वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा–2026 के सुचारु संचालन को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न…  

समाहरणालय सभागार, सरायकेला में आज उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा–2026 के सुचारु, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आहूत की गई। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला श्री अभीनव प्रकाश , अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल श्री विकास राय, जिला कोषागर पदाधिकारी श्रीमती अपर्णा सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री कैलाश मिश्रा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा परीक्षा से संबंधित अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की गई। अवगत कराया गया कि जिले में माध्यमिक परीक्षा हेतु 42 परीक्षा केंद्रों पर 11,709 परीक्षार्थी तथा इंटरमीडिएट परीक्षा हेतु 30 परीक्षा केंद्रों पर 9,178 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का संचालन बोर्ड द्वारा निर्धारित तिथि, समय-सारिणी एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

समीक्षा के क्रम में उपायुक्त के द्वारा परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, समयपालन, केंद्र संचालन, परीक्षार्थियों की सुविधा, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता तथा आपातकालीन प्रबंधन से संबंधित तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि परीक्षा से जुड़ी सभी गतिविधियों का संचालन निर्धारित दिशा-निर्देशों के आलोक में आपसी समन्वय, सतर्कता एवं उत्तरदायित्व के साथ किया जाए।

यह भी स्पष्ट किया गया कि परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अव्यवस्था अथवा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

 

 

inter exam (2) inter exam (3) inter exam (1)